राष्ट्रीय

बिहार के इस कोर्ट में पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पर मुकदमा दर्ज, बढ़ गई मुश्किलें

मुजफ्फरपुर : बिहार और यूपी के लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने वाले पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की मुश्किलें बढ़ गई है। अब चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ बिहार के मुजफ्फरपुर के CJM कोर्ट में मुकदमा दर्ज हो गया है।

बुरे फंसे पंजाब सीएम चन्नी

पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ ये मुकदमा सामाजिक कार्यकर्ता तमन्ना हाशमी ने दर्ज कराया है। मुकदमा दर्ज कराते हुए आवेदक ने बिहार और यूपी के लोगों को धमकाने और अपमानित करने का आरोप लगाया है। इस मामले में पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ IPC की धारा 295, 295(क) 504, 511 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कोर्ट ने इस शिकायक के बाद मुकदमे को स्वीकार कर लिया है और इसके साथ ही सुनवाई की तारीख 24 फरवरी 2022 भी तय कर दी है।

चन्नी के बयान पर गरमाई सियासत

विदित है कि पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के बेतुके बयान के बाद सियासत गरमा गई है। इस पूरे मामले पर अब कांग्रेस बैकफुट पर है। बिहार कांग्रेस के नेता इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। वहीं सीएम नीतीश ने चन्नी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तीखा प्रतिकार किया और जोरदार पलटवार करते हुए कहा है कि वे हैरान हैं कि कैसे इस तरह का कोई बयान दे सकता है।

चन्नी के बयान पर भड़के नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह के बयान का कोई मतलब नहीं है। पंजाब के विकास में बिहार और बिहारियों की कितनी अहम भूमिका है, ये किसी से छिपा नहीं है। बिहार के लोगों ने पंजाब की कितनी सेवा की है, ये सभी को मालूम है।

नीतीश कुमार ने कहा कि मुझे तो हैरानी होती है कि कैसे इस तरह की बात लोग करते हैं। हालांकि इस बीच जब नीतीश कुमार से वहां मौजूद प्रियंका गांधी को लेकर सवाल किया गया कि जब चन्नी बोल रहे थे, तब वहां प्रियंका गांधी भी मौजूद थी। इस पर नीतीश कुमार ने कहा कि छोड़िए कौन क्या करता है।

गिरिराज सिंह ने भी बोला हमला

वहीं, अब इस बयान पर बीजेपी के फायरब्रांड नेता और केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस शुरू से ही समाज को तोड़ने की सियासत करती है। आज प्रियंका गांधी और चरणजीत सिंह चन्नी के आपत्तिजनक बयानों और व्यवहार से बिहार की धरती से आने वाले परमपूज्य गुरु गोविंद सिंह और यूपी से आने वाले संत रविदास काफी अपमानित महसूस कर रहे होंगे। इन पवित्र भूमि के उपहास पर प्रियंका गांधी की हंसी का प्रतिकार यूपी और बिहार की जनता जरूर देगी।

ये था पूरा मामला

विदित है कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रियंका गांधी की मौजूदगी में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि प्रियंका गांधी पंजाबियों की बहू हैं। यूपी दे…बिहार दे…दिल्ली दे भइए आके इते राज नई कर दे….यूपी के भइयों को पंजाब में फटकने नहीं देना है।

चन्नी ने अपने संबोधन में कहा था कि उत्तर प्रदेश और बिहार के भैया राज्य में आकर शासन नहीं कर सकते। आपको बता दें कि पंजाब में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश और बिहार के कामगार रहते हैं और काम करते हैं। वे यहां खेती-किसानी से लेकर बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियों में काम करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button