बिहार

पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर भड़के मुख्यमंत्री नीतीश, कहा : बिहार का अपमान…

PATNA : पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjeet Singh Channi) द्वारा बिहारियों पर किये गये आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सियासत गरमा गई है। अब इस मुद्दे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तीखा प्रतिकार किया और जोरदार पलटवार करते हुए कहा है कि वे हैरान हैं कि कैसे इस तरह का कोई बयान दे सकता है।

चन्नी के बयान पर भड़के नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह के बयान का कोई मतलब नहीं है। पंजाब के विकास में बिहार और बिहारियों की कितनी अहम भूमिका है, ये किसी से छिपा नहीं है। बिहार के लोगों ने पंजाब की कितनी सेवा की है, ये सभी को मालूम है।

नीतीश कुमार ने कहा कि मुझे तो हैरानी होती है कि कैसे इस तरह की बात लोग करते हैं। हालांकि इस बीच जब नीतीश कुमार से वहां मौजूद प्रियंका गांधी को लेकर सवाल किया गया कि जब चन्नी बोल रहे थे, तब वहां प्रियंका गांधी भी मौजूद थी। इस पर नीतीश कुमार ने कहा कि छोड़िए कौन क्या करता है।

गिरिराज सिंह ने भी बोला हमला

वहीं, अब इस बयान पर बीजेपी के फायरब्रांड नेता और केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस शुरू से ही समाज को तोड़ने की सियासत करती है। आज प्रियंका गांधी और चरणजीत सिंह चन्नी के आपत्तिजनक बयानों और व्यवहार से बिहार की धरती से आने वाले परमपूज्य गुरु गोविंद सिंह और यूपी से आने वाले संत रविदास काफी अपमानित महसूस कर रहे होंगे। इन पवित्र भूमि के उपहास पर प्रियंका गांधी की हंसी का प्रतिकार यूपी और बिहार की जनता जरूर देगी।

ये था पूरा मामला

विदित है कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रियंका गांधी की मौजूदगी में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि प्रियंका गांधी पंजाबियों की बहू हैं। यूपी दे…बिहार दे…दिल्ली दे भइए आके इते राज नई कर दे….यूपी के भइयों को पंजाब में फटकने नहीं देना है।

चन्नी ने अपने संबोधन में कहा था कि उत्तर प्रदेश और बिहार के भैया राज्य में आकर शासन नहीं कर सकते। आपको बता दें कि पंजाब में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश और बिहार के कामगार रहते हैं और काम करते हैं। वे यहां खेती-किसानी से लेकर बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियों में काम करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button