आम आदमी की जेब पर पड़ा बोझ, 105 रुपये महंगा हुआ सिलेंडर, इलेक्शन बाद बढ़ेंगे और दाम!

NEW DELHI : आम आदमी को एकबार फिर बड़ा झटका लगा है। 1 मार्च यानी आज LPG सिलेंडर के नये रेट की घोषणा हुई है। इस नये रेट के मुताबिक आम आदमी की जेब पर एकबार फिर बोझ बढ़ गया है। अब LPG कमर्शियल सिलेंडर के रेट में 105 रुपये का इजाफा हुआ है।
घरेलू सिलेंडर का भी बढ़ेगा दाम
हालांकि इस बीच उम्मीद की जा रही है कि 7 मार्च के बाद घरेलू LPG सिलेंडर भी महंगा हो जाएगा क्योंकि यूपी समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। यूपी में छठे चरण की वोटिंग 3 मार्च और सातवें चरण की वोटिंग 7 मार्च को है, ऐसे में 7 मार्च के बाद महंगाई की मार आम आदमी पर पड़ने वाली है।
विदित है कि 6 अक्टूबर 2021 के बाद से ही डोमेस्टिक सिलेंडर न तो सस्ता हुआ है और न ही महंगा। हालांकि इस दौरान कच्चे तेल की कीमतों में भारी इजाफा हुआ है। कच्चे तेल की कीमतें 102 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गई है। इस दौरान कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में अच्छा-खासा बदलाव देखने को मिला।
आम आदमी पर पड़ा बोझ
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर नॉन-सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की कीमतों में कई महीने से राहत है। कच्चे तेल के दाम 102 डॉलर प्रति बैरल पार होने के बावजूद छह अक्टूर 2021 से घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि चुनाव बाद यानी 7 मार्च के बाद कभी भी गैस के दाम 100 से 200 रुपये प्रति सिलेंडर से अधिक बढ़ सकते हैं।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2021 से एक फरवरी 2022 के बीच कमर्शियल सिलेंडर के दाम 170 रुपये बढ़े हैं। दिल्ली में 1 अक्टूबर को कमर्शियल सिलेंडर का दाम 1736 रुपये था। नवंबर में यह 2000 का हुआ और दिसंबर में 2101 रुपये का हो गया। इसके बाद जनवरी में यह फिर सस्ता हुआ और फरवरी 2022 को और सस्ता होकर 1907 रुपये पर आ गया।
इस बार भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम में बढोतरी की गई है। 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 1 मार्च यानी आज से अब दिल्ली में 1907 रुपये के बजाय 2012 रुपये में मिलेगा। कोलकाता में अब 1987 रुपये के बजाय 2095 रुपये में मिलेगा जबकि, मुंबई में इसकी कीमत अब 1857 से बढ़कर 1963 रुपये हो गई है।