बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा के टॉपर्स की लिस्ट जारी, यहां देखें टॉपर्स की पूरी लिस्ट

PATNA : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक परीक्षा 2022 का रिजल्ट जारी हो गया है। मैट्रिक की परीक्षा देने वाले छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। इस साल कुल 16,11,099 छात्र-छात्राओं ने 10वीं की परीक्षा दी थी, जिसमें 12,86,971 पास हुए हैं।
मैट्रिक का रिजल्ट जारी, नीचे देखें टॉपर्स की लिस्ट
बिहार बोर्ड (Bihar Board) ने 10वीं का रिजल्ट जारी किया है। साथ ही साथ 10वीं के टॉपर्स (BSEB 10th Toppers List) की घोषणा की गई है। औरंगाबाद की रामायणी राय ने बिहार टॉप किया है। वहीं, नवादा के रजौली की सानिया कुमारी सेकंड टॉपर और मधुबनी के विवेक ठाकुर मैट्रिक के थर्ड टॉपर हैं। इस बार भी बिहार टॉपर बेटी रही है। टॉपर्स की लिस्ट में छात्राओं ने बाजी मारी है।

- पहला स्थान : औरंगाबाद की रामायणी राय (487 अंक)
- दूसरा स्थान : नवादा की सानिया कुमारी (486 अंक) और मधुबनी के विवेक (486 अंक)
- तीसरा स्थान : औरंगाबाद की प्रज्ञा कुमारी (485 अंक)
- चौथा स्थान : पटना की निरिआला कुमारी (484 अंक)
- पांचवां स्थान : भोजपुर के अनुराग कुमार (483 अंक), जमुई के सुसेन कुमरा (483 अंक) और केराई के निखिल कुमार (483 अंक)
इस संबंध में बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि 16 लाख 11 हजार 99 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिसमें से 8 लाख 20 हजार 179 छात्र और 7 लाख 90 हजार 920 छात्राएं शामिल थीं। इस बार 79.88% बच्चे पास हुए हैं। इनमें 6 लाख 78 हजार 110 छात्र और 6 लाख 08 हजार 861 छात्राएं शामिल हैं।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इसबार 4 लाख 24 हजार 597 विद्यार्थी फर्स्ट डिवीजन, 5 लाख 10 हजार 411 सेकेंड डिवीजन और 3 लाख 47 हजार 637 छात्र-छात्राओं ने थर्ड डिवीजन हासिल किया है। टॉप 10 में 47 छात्रों ने जगह बनाई है जबकि टॉप 5 में आठ छात्र हैं।
रिकॉर्ड समय में रिजल्ट घोषित
विदित है कि इस साल मैट्रिक में कुल 16 लाख 48 हजार 894 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें 8 लाख 6 हजार 705 छात्राएं और 8 लाख 42 हजार 189 छात्र शामिल थे। मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी से 24 फरवरी के बीच आयोजित हुई थी। परीक्षा समाप्त होने के 34 दिनों के बाद बोर्ड ने रिजल्ट जारी कर दिया।
मूल्यांकन के 11 दिन बाद रिजल्ट हुआ जारी
पिछली बार साल 2021 में मैट्रिक वार्षिक परीक्षा का रिजल्ट 5 अप्रैल को जारी किया गया था। इस बार उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन समाप्त होने के 11 दिन बाद ही रिजल्ट जारी कर बोर्ड रिकॉर्ड कायम कर रहा है। मैट्रिक वार्षिक परीक्षा का रिजल्ट जारी करने के बाद बिहार बोर्ड देश का पहला बोर्ड बन गया, जो इंटर और मैट्रिक बोर्ड परीक्षा 2022 का रिजल्ट रिकॉर्ड समय पर जारी किया है। अबतक कोई भी बोर्ड फाइनल परीक्षा आयोजित नहीं कर पायी है।