भोजपुर में बाढ़ ने मचायी तबाही, इकौना घाट पर डूबने से बच्चे की मौत, दुख की घड़ी में जेडीयू नेता छोटू सिंह ने की मदद

BHOJPUR : भोजपुर में बाढ़ ने तबाही मचा दी है। जिले के गंगा तट वाले गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है लिहाजा स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं। जनजीवन पूरी तरह से ठप हो गया है। इस बीच कई बड़े हादसे भी हो रहे हैं। बीते दिनों भोजपुर जिले के इकौना घाट पर बड़ा हादसा हुआ, जहां मिथिलेश कुमार सिंह के बेटे गिरिश कुमार सिंह की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गयी।
इस हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गयी लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही जेडीयू नेता और बिहार राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार उर्फ छोटू सिंह ने दुख की इस घड़ी में पूरे परिवार का साथ दिया। उन्होंने तुरंत भोजपुर डीएम से बात की। इसके साथ ही उन्होंने बड़हरा के सीओ रिंकू कुमार से भी बात की और और हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने की बात कही।

छोटू सिंह की माने तो दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए तत्पर हैं लिहाजा हरसंभव सहायता मुहैया करायी जाएगी। उन्होंने पूरे परिवार का ढांढस बंधाया।