Anil Ambani : देश के मशहूर उद्योगपतियों में शुमार अनिल अंबानी को तगड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने एंटी मनी लॉन्ड्रिंग लॉ के तहत अनिल अंबानी के घर “अबोड” को कुर्क किया है। इसकी कीमत 3 हजार 716 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
Anil Ambani : अनिल अंबानी को लगा बड़ा झटका
17 मंजिला और 66 मीटर ऊंचा ‘अबोड’ मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित है। मिल रही जानकारी के मुताबिक प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत एक प्रोविजनल ऑर्डर जारी किया गया है ताकि उनकी ग्रुप कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) की ओर से बैंक फ्रॉड से जुड़े मामले में मल्टी-स्टोरी घर को अटैच किया जा सके।

15 हजार करोड़ से अधिक की संपत्ति हो चुकी है कुर्क
ईडी के मुताबिक उद्योगति अनिल अंबानी और उनके ग्रुप की कंपनियों के खिलाफ अबतक कुल अटैचमेंट की कार्रवाई 15 हजार करोड़ से अधिक हो चुकी है। विदित है कि बॉम्बे हाईकोर्ट ने 23 फरवरी को अनिल अंबानी को झटका देते हुए एकल न्यायाधीश पीठ के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें उनके और रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड के बैंक खातों को धोखाधड़ी वाला वर्गीकृत करने की कार्यवाही पर रोक लगायी गई थी।

66 साल के मशहूर उद्योगपति अनिल अंबानी के सेकेंड राउंड की पूछताछ के लिए फेडरल जांच एजेंसी के सामने पेश होने की उम्मीद है। उन्होंने पहली बार अगस्त 2025 में ईडी के सामने गवाही दी थी। प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत उनका बयान दर्ज किया गया था।
