Cheteshwar Pujara : टीम इंडिया की दीवार के नाम से मशहूर चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट के हर फॉर्मेट को अलविदा कह दिया है। रविवार को चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को बाय-बाय बोल दिया और एक भावुक पोस्ट लिखते हुए बीसीसीआई का शुक्रिया अदा किया है।
Cheteshwar Pujara ने लिया संन्यास
चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट लिखा है और कहा कि टीम इंडिया की जर्सी पहनना, राष्ट्रीय गान गाना, हर मैच में अपना बेस्ट देने की कोशिश करना, ये वो चीजें हैं, जिनके बारे में वह शब्दों में बयां नहीं कर सकते। उन्होंने लिखा कि “राजकोट से निकले एक छोटे से लड़के ने अपने माता-पिता के साथ सितारों पर पहुंचने जैसा लक्ष्य रखा और भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनने का सपना देखा। तब मुझे नहीं पता था कि ये खेल मुझे इतना कुछ देगा – अमूल्य मौके, अनुभव, वजह, प्यार और इन सबसे ज्यादा अपने राज्य-देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका।”
ये भी पढ़ें : ICC Ranking : ICC की वन-डे और टी-20 रैंकिंग जारी, टॉप पर भारत के ये बल्लेबाज, यहां देखें पूरी रैंकिंग

चेतेश्वर पुजारा ने अपने पोस्ट में लिखा है कि “भारतीय टीम की जर्सी पहनना, राष्ट्रीय गान गाना और जब भी मैदान पर कदम रखा, तब अपना बेस्ट देना- इन सभी चीजों को शब्दों में बयान करना मुश्किल है लेकिन जैसा कहा जाता है, हर अच्छी चीज का अंत होता है। मैं पूरी कृतज्ञता के साथ भारतीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का एलान करता हूं।”
बीसीसीआई को कहा शुक्रिया
पुजारा ने अपनी पोस्ट में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और सौराष्ट्र क्रिकेट संघ का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कहा कि “मैं बीसीसीआई और सौराष्ट्र क्रिकेट संघ का मेरे क्रिकेट करियर में मुझे मौका देने के लिए शुक्रिया अदा करता हूं। मैं उतना ही शुक्रगुजार उन सभी टीमें, फ्रेंचाइजियों, काउंटी का हूं, जिनके लिए मैं खेला। मेरे मेंटर, कोच, आधात्यमिक गुरुओं के बिना मैं यहां तक पहुंच नहीं पाता। उन सभी का शुक्रिया अदा करता हूं।”

अनिल कुंबले ने बताया लीजेंड
वहीं, उनके संन्यास लेने के बाद क्रिकेट के दिग्गजों ने उन्हें याद करते हुए पोस्ट लिखा है। जंबो यानी अनिल कुंबले ने लिखा है कि शानदार करियर के लिए बधाई! आप इस शानदार खेल के बेहतरीन दूत रहे हैं @cheteshwar1 । हम सभी को आपके क्रिकेट मैदान पर किए गए उपलब्धियों पर गर्व है। आपने हमेशा टीम के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया! आपके साथ काम करना एक सौभाग्य था और आशा है कि आप अपने दूसरे पारी में भी इसी तरह चमकते रहें। आप, पूजा, अदिति और आपके पिताजी को ढेरों शुभकामनाएं। बहुत अच्छा किया!!


गौरतलब है कि राहुल द्रविड़ के बाद टीम इंडिया की नई दीवार बने चेतेश्वर पुजारा ने टीम इंडिया के लिए कुल 103 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 43.60 की औसत से 7195 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 19 शतक और 35 अर्धशतक निकले। भारत के लिए उन्होंने पांच वन-डे मैच खेले हैं, जिनमें सिर्फ 51 रन बनाए हैं। भारत के लिए पुजारा ने अपना आखिरी टेस्ट मैच द ओवल में साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला था।
