Police encounter : बिहार में एकबार फिर बेखौफ अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करने के लिए पहुंची पुलिस पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
Police encounter : पुलिस–अपराधी मुठभेड़
मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र में कुख्यात एटीएम फ्रॉड पप्पू सहनी और उसके गिरोह की मौजूदगी की खबर मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया लेकिन पुलिस की भनक लगते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में बेला थाने में पदस्थापित एएसआई विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी भी गोली लगने से घायल हो गया।

गौरत है कि कुख्यात पप्पू साहनी पर एटीएम धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने के लिए बेला थाना की टीम ने घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने उसे दबोचने की कोशिश की, खुद को घिरा देख बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी।

मौके पर पहुंचे अधिकारी
वहीं, इस घटना की जानकारी मिलते ही मुजफ्फरपुर रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी निजी अस्पताल पहुंचे और घायल एएसआई की मिजाजपुर्सी की। फिलहाल इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है।

