Amit Shah on Nitish Kumar : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्य की नहीं बल्कि राष्ट्र की राजनीति करेंगे। जी हां, अब से कुछ देर पहले नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया है। इस मौके पर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी में ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, शिवेश कुमार, उपेन्द्र कुशवाहा ने भी नॉमिनेशन किया।
Amit Shah on Nitish Kumar : नीतीश कुमार की जमकर की तारीफ
इस मौके पर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि “आज मैं पटना में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार के राज्यसभा नामांकन के लिए यहां पर आया हूं। नितिन नवीन राज्य में लंबे समय तक यशश्वी राजनीति करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और अब वो राज्यसभा के माध्यम से संसद में भी अपना योगदान देंगे। हम सब NDA के सदस्य, भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता नितिन नवीन का राष्ट्रीय राजनीति में और संसद में स्वागत करते हैं।”
ये भी पढ़ें : नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी रहे मौजूद

उन्होंने आगे कहा कि “आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी राज्यसभा में अपना नामांकन दाखिल किया है। इसके साथ ही बहुत ही लंबे अरसे के बाद नीतीश कुमार फिर से एक बार राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के नाते प्रवेश करेंगे। 2005 से लेकर आज तक नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उनका ये कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा और बिहार के विकास के सारे मायने को उन्होंने गति देने का काम किया।
उन्होंने अपने शासन काल में बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का काम किया। उन्होंने न केवल बिहार की सड़कों को गांव तक जोड़ा, उसकी स्थिति में भी सुधार किया। इतने लंबे कार्यकाल में विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री रहते हुए उनके कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा। भ्रष्टाचार का आरोप लगे बिना इतना लंबा राजनीतिक सफर शायद ही किसी ने तय किया हो, जो नीतीश कुमार ने तय किया है। बिहार के हर गांव, हर घर में बिजली पहुंचाने में भी उनका बहुत बड़ा योगदान रहा। हमेशा नीतीश कुमार सादगी, सूचिता और सार्वजनिक जीवन के उच्चतम मूल्यों के पक्षधर रहे, जिनका पालन उन्होंने भी किया।

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 साल तक बिहार को हर प्रकार से आगे ले जाने में अपना योगदान किया। उनके नेतृत्व में ही पीएम मोदी द्वारा भेजी गई सभी योजनाएं बिहार के जन-जन तक पहुंची। 1974 के जयप्रकाश आंदोलन के वे प्रमुख नेता रहे हैं और तब से लेकर आज तक पूरा जीवन जे.पी. के सिद्धांतों पर बिताने का प्रयास किया। फिर से एक बार राज्यसभा सांसद होने के नाते वे दिल्ली आ रहे हैं। मैं और NDA के सभी साथी उनका हृदय से स्वागत करते हैं। उनका जो कार्यकाल मुख्यमंत्री होने के नाते हैं, उसे बिहार के लोग याद भी करेंगे और उसका सम्मान भी करेंगे। मैं फिर से नितिन नवीन और नीतीश कुमार का राज्यसभा में आने पर स्वागत करता हूं।”

