Weather alert : बिहार में रोजाना मौसम बदल रहा है। कभी चुभने वाली गर्मी से लोग परेशान हैं तो कभी बारिश की वजह से मौसम बदलता दिख रहा है। बिहार के लिए मौसम विभाग ने एकबार फिर अलर्ट जारी किया है कि अगले कुछ घंटों में प्रदेश में आंधी-पानी का दौर देखने को मिल सकता है।
Weather alert : आंधी-पानी और वज्रपात की चेतावनी जारी
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 48 घंटों में बिहार के कई जिलों में आंधी और बारिश के साथ वज्रपात हो सकता है। 15 मार्च से बिहार का मौसम बिगड़ सकता है। इसके साथ ही कई जिलों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। यह सिलसिला 17 मार्च तक जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी पटना समेत अधिकांश जिलों में इसका असर देखने को मिलेगा।

इन जिलों के लोग हो जाएं सावधान
मौसम विभाग की माने तो 15 मार्च को सीमांचल के पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, सुपौल, कटिहार के साथ-साथ पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में गरज चमक और तेज आंधी के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इसके साथ ही 16 मार्च को पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय और किशनगंज, पूर्णिया, भागलपुर, जमुई पूर्वी बिहार के सभी जिलों में आंधी बारिश होने की स्थिति बनेगी। यहां भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, 17 मार्च को मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, वैशाली, पूर्णिया सहित उत्तर बिहार के सभी 19 जिलों में सबसे अधिक खराब मौसम रहेगा लिहाजा इन इलाकों के लोगों को काफी एहतियात बरतना होगा। किसानों से मौसम विभाग ने बारिश होने के दौरान खेतों में जाने की मनाही की है।
