BHOJPUR : इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की पूर्वी क्षेत्र पाइपलाइन के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 5 नवंबर 2026 को ग्रामीण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पारादीप-हल्दिया-बरौनी-मोतिहारी एलपीजी पाइपलाइन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों और युवाओं को पाइपलाइन सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों के बीच 38 टी-शर्ट का वितरण भी किया गया।
यह आयोजन भारत के पूर्वी क्षेत्र में इंडियन ऑयल की पहली पाइपलाइन (हल्दिया से बरौनी-कानपुर) के सफल संचालन के 60 वर्ष पूरे होने यानी डायमंड जुबली के अवसर पर किया गया। कार्यक्रम के दौरान LPG पाइपलाइन के इंचार्ज अभिषेक कुमार वर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों और युवाओं को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं सुरक्षा नियमों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि 60 वर्ष पूर्व शुरू हुई इस पाइपलाइन नेटवर्क के आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और एलपीजी के प्रति जागरूकता फैलाना संस्थान की प्राथमिकता है। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन दिशा एक प्रयास संस्था के प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर नीतीश कुमार सिंह ने किया। वहीं ‘दिशा एक प्रयास’ की सचिव डॉ. कुमारी सुनीता सिंह ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन द्वारा चलाई जा रही इस जन-जागरूकता मुहिम की सराहना की।
इस दौरान इंडियन ऑयल टीम के सदस्य अमित प्रभाकर और कुमार शुभम ने ग्रामीणों को पाइपलाइन सुरक्षा नियमों जैसे भूमिगत पाइपलाइन के पास निर्माण न करने, गैस रिसाव की स्थिति में आपातकालीन टोल-फ्री नंबर (18003456105) और पटना कंट्रोल रूम नंबर (7250430161) पर तुरंत सूचित करने संबंधी जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी गणमान्य अतिथियों और युवाओं ने सामूहिक रूप से सुरक्षा मानकों का पालन करने का संकल्प लिया।





