PATNA : जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से राम किंकर शाही मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा सी.पी. ठाकुर लेन, फ्रेजर रोड में संचालित निःशुल्क कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले बच्चों के लिए कैरम बोर्ड उपलब्ध कराए गए।
पटना में संचालित इस निःशुल्क कोचिंग में आसपास के जरूरतमंद बच्चे नियमित रूप से पढ़ाई करते हैं। सीमित संसाधनों के बीच बच्चों में शिक्षा के प्रति दिखाई दे रहे उत्साह को देखते हुए फाउंडेशन द्वारा उनकी पढ़ाई के साथ-साथ समग्र व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

कैरम बोर्ड मिलने से बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक सतीश कुमार ने कहा कि बच्चों के विकास के लिए केवल पढ़ाई ही पर्याप्त नहीं है। खेल और स्वस्थ मनोरंजन भी बच्चों में एकाग्रता, धैर्य, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और आपसी सहयोग जैसी खूबियों को विकसित करने में मदद करते हैं। इसी सोच के साथ कोचिंग सेंटर पर बच्चों के लिए खेल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
फाउंडेशन का मानना है कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को यदि शिक्षा के साथ सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण मिले तो उनमें आत्मविश्वास तथा आगे बढ़ने की क्षमता को और मजबूत किया जा सकता है। निःशुल्क कोचिंग में पढ़ने वाले बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संस्था द्वारा समय-समय पर शिक्षा सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।
फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि बच्चों की मुस्कान और पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह ही संस्था को ऐसे नए प्रयास करने के लिए प्रेरित करता है। संस्था भविष्य में भी बच्चों की शिक्षा और समग्र विकास के लिए अपनी क्षमता के अनुसार कार्य करती रहेगी।
राम किंकर शाही मेमोरियल फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, दिव्यांग सहायता, सामाजिक सहयोग और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक पहल संचालित कर रहा है।
