Weather alert : गर्मी बढ़ने के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग ने एकबार फिर बादल छाने के साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जतायी है और बताया है कि कहीं-कहीं तेज हवा के साथ वज्रपात होने की भी आशंका बनी हुई है।
Weather alert : लगातार तीन दिनों तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक झारखण्ड में मौसम का मिजाज बदलता हुआ दिख रहा है। रविवार को रांची सहित कई जिलों में बारिश की पूरी संभावना बनी हुई है। रांची समेत मध्य और उत्तर-पूर्वी जिलों में 9 से 11 मार्च के बीच मौसम सक्रिय रह सकता है लिहाजा मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। बताया जा रहा है कि 12 मार्च के बाद प्रदेश में मौसम साफ होगा।

मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी रांची, बोकारो, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़ और चतरा में बारिश होने की संभावना है। वहीं, दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 9 और 10 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में मौसम अधिक सक्रिय रह सकता है। देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है।

