Bomb Squad Accident : इस वक्त एक बड़ी खबर आ रही है कि बम निरोधक दस्ता के जवान सड़क हादसे का शिकार हो गये हैं। इस हादसे में 4 जवानों की मौत हो गई है जबकि एक जवान गंभीर रूप से जख्मी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सभी अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे, तभी ये हादसा हुआ।
Bomb Squad Accident : 4 जवानों की मौत
ये भीषण सड़क हादसा मध्य प्रदेश के सागर में NH-44 पर बांदरी मालथौन में हुआ है। ये हादसा सुबह के 4 बजे हुआ है, जब सभी जवान ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। इनमें तीन जवान मुरैना के रहने वाले हैं, जिनके नाम हैं – प्रद्युमन दीक्षित, अमन कौरव और चालक परमलाल तोमर। वहीं, भिंड के रहने वाले डॉग मास्टर विनोद शर्मा की भी मौत हो गई है।

वाहन में मौजूद डॉग सही सलामत
बड़ी बात ये है कि इस वाहन में एक डॉग भी था, जो बिल्कुल सही सलामत है। जानकारी के मुताबिक बम निरोधक दस्ता के जवानों की गाड़ी तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गयी और ये बड़ा हादसा हो गया। फिलहाल स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

CM मोहन यादव ने जताया शोक
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम मोहन यादव ने इस हादसे को लेकर X पर शोक व्यक्त किया और लिखा कि आज सागर जिले में सुबह नक्सल विरोधी अभियान से ड्यूटी कर लौट रहे 4 पुलिसकर्मियों का एक भीषण सड़क दुर्घटना में निधन होने का समाचार हृदयविदारक है। हादसे में दिवंगत पुलिसकर्मियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

