Anant singh Neeraj Kumar Vivad : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड में बाहुबली विधायक अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच लगातार बयानबाजी जारी है, जिसे लेकर बिहार की सियासत में गरमा गई है। इस बीच जेडीयू के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह ने इस पूरे प्रकरण पर बड़ा बयान दिया है।
पटना पहुंचे केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह का बड़ा बयान
पटना पहुंचे केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह ने पार्टी में किसी तरह के विवाद (Anant singh Neeraj Kumar Vivad) से साफ इनकार कियाहै और कहा है कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और सारे फैसले विचार-विमर्श के बाद ही लिए जाते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर कुछ विधायकों के मन में कोई बात है तो वह उनसे बात करेंगे।
वहीं, ललन सिंह ने दो टूक अंदाज में कहा कि जिस विवाद को लेकर इतना शोर शराबा हो रहा है, उसका कोई मतलब नहीं है। नीतीश कुमार ने भी पार्टी के कामकाज में लोगों की राय को महत्व दिया है और आज भी यही व्यवस्था जारी है।

पार्टी कार्यक्रम का ललन सिंह ने किया जिक्र
ललन सिंह ने उस पार्टी कार्यक्रम का भी जिक्र किया, जिसे लेकर पिछले कुछ दिनों से जेडीयू के अंदर चर्चाएं चल रही थीं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से पहले कुछ विधायकों ने उन्हें फोन किया था। ललन सिंह के मुताबिक उन्होंने विधायकों से कहा कि वह गुजरात में हैं और उन्हें कार्यक्रम की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से एक दिन पहले रात में निशांत कुमार ने भी उन्हें फोन किया था। उस समय भी उन्होंने बताया कि वह गुजरात में हैं और कार्यक्रम के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
ये भी पढ़ें : श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 6 की मौत, 22 से अधिक जख्मी, इलाके में मचा कोहराम

ललन सिंह ने कहा कि इसके बाद उन्होंने जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से फोन पर बात की। संजय झा ने उन्हें बताया कि यह कोई सियासी बैठक नहीं है बल्कि सामान्य कार्यक्रम था, जिसमें नये विधायकों को ट्रेनिंग दी जानी थी।
गौरतलब है कि 18 सितंबर को जेडीयू के इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नीतीश कुमार और निशांत कुमार एक साथ मंच पर नजर आए थे। कार्यक्रम में विधायकों और विधान पार्षदों को सार्वजनिक जीवन और विधायी कामकाज से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई।

अनंत सिंह और नीरज कुमार में जारी है वार-पलटवार
विदित है कि केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह का बयान ऐसे वक्त में आया है, जब मोकामा के विधायक अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर खुली बयानबाजी चल रही है। अनंत सिंह नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर बोल रहे हैं, जबकि नीरज कुमार भी लगातार पलटवार कर रहे हैं।
