PATNA : बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा (Bihar assembly speaker Vijay kumar Sinha) के प्रति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) के रवैये के बाद अब सूबे का सियासी पारा उ’बल रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा स्पीकर को अपमानित किए जाने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी के विधायक अब गुस्से से उबल रहे हैं।
मोर्चाबंदी में जुटे बीजेपी विधायक
हालांकि सोमवार को इस पूरे मामले के दौरान अधिकतर बीजेपी विधायकों को कुछ समझ में नहीं आया कि वे कैसे इस मामले पर रिएक्ट करें लेकिन इस पूरे मामले के 24 घंटे बीत जाने के बाद अब बीजेपी विधायकों का गुस्सा परवान चढ़ रहा है। अब बीजेपी विधायक मोर्चाबंदी में जुट गये हैं।
बीजेपी विधायक अब अपनी आवाज बुलंद करते हुए विधायक दल की बैठक बुलाने की मांग करने लगे हैं। बीजेपी विधायकों का कहना है कि स्पीकर को अपमानित करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस पूरे मामले में अब विनय बिहारी के बाद पवन जायसवाल ने भी मोर्चा खोल दिया है।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष नाराज
वहीं, बीजेपी का केन्द्रीय नेतृत्व भी इस पूरे मामले पर नजरें बनाए हुए है। इधर, इस घटनाक्रम के बीच बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा नाराज हैं और वह आसन पर नहीं आ रहे हैं।
इधर, आज विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही आरजेडी विधायकों ने सदन में स्पीकर के ऊपर मुख्यमंत्री की तरफ से की गई टिप्पणी पर एतराज जताया है। आज तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी में आरजेडी विधायकों ने आज विधानसभा में जबरदस्त हंगामा किया है। विधानसभा में आरजेडी मुख्यमंत्री से खेद जताने की मांग कर रही है। उधर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कटिहार से सीएम नीतीश पर हमला बोला है।
‘सदन में माफी मांगें नीतीश’
तेजस्वी यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार विधानसभा अध्यक्ष के साथ जिस तरह पेश आए हैं, वह लोकतंत्र के लिए बेहद निंदनीय है। नीतीश कुमार का रवैया लोकतंत्र की हत्या करने के समान है। अगर लोकतंत्र को बचाना है तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तत्काल विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा से सदन में माफी मांगी चाहिए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार विधानसभा अध्यक्ष को डिक्टेट करना चाहते थे, जो नहीं हो सका और उसी की हताशा का परिणाम है कि मुख्यमंत्री सदन में इस तरह का बर्ताव करते नजर आए।
