Vaishnavi Sharma Biography in Hindi : भारतीय महिला क्रिकेट में अपनी फिरकी की तान पर बल्लेबाजों को नचाने वाली वैष्णवी शर्मा ने बेहद कम उम्र में बड़ी पहचान बना ली है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से निकलकर टीम इंडिया तक पहुंचने वाली इस बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज ने 2025 के ICC U-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप में अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट वर्ल्ड का ध्यान खींचा। उन्होंने टूर्नामेंट में 17 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज का खिताब हासिल किया। मलेशिया के खिलाफ हैट्रिक लेकर उन्होंने इतिहास भी रचा।
वैष्णवी शर्मा का शुरुआती जीवन
भारतीय महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर वैष्णवी शर्मा का जन्म 18 दिसंबर 2005 को मध्यप्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। वह बाएं हाथ की ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं। वे मध्य प्रदेश के चंबल क्षेत्र से भारतीय राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर हैं। उनके पिता का नाम नरेंद्र शर्मा है, जो ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी में ज्योतिष के प्रोफेसर हैं। उनकी माता का नाम आशा लता शर्मा है, जो एक गृहिणी हैं और उनका एक बड़ा भाई अभिषेक शर्मा पेशे से इंजीनियर हैं।

वैष्णवी शर्मा की शिक्षा
वैष्णवी ने अपनी प्रारंभिक और माध्यमिक स्कूली शिक्षा इंदौर के प्रज्ञा गर्ल्स स्कूल से पूरी की। स्कूल के बाद उन्होंने ग्वालियर के प्रसिद्ध आईटीएम विश्वविद्यालय में दाखिला लिया। वह आईटीएम विश्वविद्यालय से शारीरिक शिक्षा और खेल स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं। वैष्णवी ने अपनी स्पोर्ट्स ट्रेनिंग और पढ़ाई के बीच हमेशा बैलेंस बनाए रखा, जिसके लिए उन्हें अपने स्कूल और यूनिवर्सिटी प्रशासन से भी काफी सहयोग मिला।
वैष्णवी का कैसे शुरू हुआ क्रिकेट का सफर?
वैष्णवी शर्मा के पिता नरेंद्र शर्मा ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी में ज्योतिष के प्रोफेसर हैं। वैष्णवी जब बहुत छोटी थीं, तब उनके पिता ने उनकी कुंडली देखी थी। उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि वैष्णवी या तो स्पोर्ट्स के क्षेत्र में बहुत आगे जाएगी या फिर मेडिकल फील्ड में अपना करियर बनाएगी।
वैष्णवी शर्मा जब सिर्फ 4 साल की थीं, तब उन्होंने पहली बार हाथ में बल्ला और गेंद थामी। खेल में उनकी गहरी रुचि को देखते हुए उनके परिवार ने उनके इस सपने को पूरा करने के लिए काफी त्याग किए। जब वैष्णवी 7 साल की हुईं तो खेल के प्रति उनकी गंभीरता को देखते हुए उनके पिता ने उन्हें शाम के समय क्रिकेट की प्रोफेशनल कोचिंग दिलानी शुरू कर दी। उन्होंने ग्वालियर की प्रसिद्ध तानसेन क्रिकेट एकेडमी में कड़ी मेहनत की और घंटों प्रैक्टिस की।

वैष्णवी को तराशने में कोच लोकेश चौधरी की अहम भूमिका
वैष्णवी के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में उनके कोच लोकेश चौधरी की अहम भूमिका रही। उन्होंने वैष्णवी की गेंदबाजी में क्षमता देखी और उनकी स्पिन को बेहतर बनाने पर काम किया। वैष्णवी की खासियत गेंद की गति में बदलाव करना, फ्लाइट देना और बल्लेबाज को गलत शॉट खेलने के लिए मजबूर करना रही है।
लड़कों के साथ मैच खेलकर सीखीं क्रिकेट
शुरुआत में वैष्णवी एकेडमी और स्थानीय स्तर पर लड़कों की प्रतियोगिताओं में नियमित रूप से खेला करती थीं। लड़कों के खिलाफ खेलने की वजह से उनके भीतर दबाव झेलने की अद्भुत क्षमता विकसित हुई और वह एक फियरलेस क्रिकेटर बनकर उभरीं।
मध्य प्रदेश U-16 की बनीं कप्तानी
वैष्णवी शर्मा जब वह महज 11-12 साल की थीं, तब उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए अपना पहला U-16 मैच खेला, जिससे उनके प्रोफेशनल घरेलू क्रिकेट करियर की नींव पड़ी। अपनी प्रतिभा और खेल की बेहतरीन समझ के कारण महज 12-13 साल की उम्र में उन्हें 2017 में मध्य प्रदेश की U-16 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया।

सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर से हुईं सम्मानित
साल 2022 वैष्णवी (Vaishnavi Sharma Biography in Hindi) के घरेलू करियर का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। इस साल उन्होंने घरेलू क्रिकेट में पूरे देश में सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए। देश में सर्वाधिक विकेट लेने के शानदार रिकॉर्ड के चलते उन्हें BCCI द्वारा प्रतिष्ठित जगमोहन डालमिया ट्रॉफी (सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर) से सम्मानित किया गया।
U-19 वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन
घरेलू स्तर पर लगातार कमाल करने के बाद उन्हें 2025 के ICC U-19 महिला टी20 विश्व कप के लिए भारतीय राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया। मलेशिया के खिलाफ मैच में वैष्णवी ने इतिहास रच दिया। वह U-19 महिला टी20 विश्व कप में हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय महिला गेंदबाज बनीं। उन्होंने इस मैच में सिर्फ 5 रन देकर 5 विकेट झटके, जो इस पूरे टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी रिकॉर्ड है। इस टूर्नामेंट में वह भारत की तरफ से सबसे ज्यादा (17 विकेट) विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं और टीम इंडिया को विश्व विजेता बनाने में मुख्य भूमिका निभाई।

सीनियर भारतीय टीम में डेब्यू
U-19 विश्व कप की सफलता के तुरंत बाद उन्हें सीनियर टीम में जगह मिली। विशाखापत्तनम में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैच खेला। इस 5 मैचों की सीरीज में वह 5 विकेट लेकर भारत की तरफ से संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी रहीं।
WPL में हुई वैष्णवी की एंट्री
वैष्णवी शर्मा की काबिलियत को देखते हुए मुंबई इंडियंस महिला टीम ने WPL 2026 सीजन के लिए उन्हें जी. कमलिनी के चोटिल होने पर रिप्लेसमेंट के रूप में अपनी टीम में शामिल किया। इस दौरान उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए कुल तीन मुकाबले खेले, जिनमें एक विकेट हासिल किया। वहीं, बल्लेबाजी में उन्हें हाथ दिखाने का मौका नहीं मिला।
जिम्बॉब्वे के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
टी20 के बाद वैष्णवी शर्मा ने वन-डे प्रारूप में कदम रखा। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होबार्ट (बेलारिव ओवल) में अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय वन-डे मैच खेला। वैष्णवी ने अपने करियर में अबतक मात्र 2 मुकाबले खेले हैं, जिनमें अबतक कुल 4 विकेट चटकाए हैं। जिम्बॉब्वे के खिलाफ वडोदरा में खेले गये मुकाबले में वैष्णवी शर्मा ने कमाल की गेंदबाजी की और 10 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट चटकाए। ये उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वहीं, टी20 मुकाबलों की बात करें तो वैष्णवी ने अबतक कुल 5 मुकाबलों में 5 विकेट झटके हैं।
Vaishnavi Sharma Biography in Hindi
वैष्णवी लगातार अपनी स्पिन गेंदबाजी से प्रभावित कर रही हैं। मई-जून 2026 में उन्होंने इंडिया-ए टीम के साथ इंग्लैंड का दौरा किया और सितंबर 2026 में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ मल्टी फॉर्मेट सीरीज में हिस्सा लेकर मिडिल-ओवर्स में टीम को लगातार महत्वपूर्ण सफलताएं दिलाईं हैं।

वैष्णवी शर्मा का निजी जीवन
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के बावजूद वैष्णवी एक बेहद शांत और जमीनी इंसान मानी जाती हैं। एक प्रोफेसर की बेटी होने के नाते उनके जीवन में अनुशासन का बहुत बड़ा स्थान है। वह अपनी फिटनेस, प्रैक्टिस और पढ़ाई तीनों को पूरी गंभीरता से लेती हैं।
क्रिकेट के व्यस्त शेड्यूल के अलावा वैष्णवी को म्यूजिक सुनना और अपने परिवार के साथ समय बिताना पसंद है। वह जब भी दौरों से वापस ग्वालियर आती हैं तो अपने स्थानीय क्लब और एकेडमी के बच्चों के साथ भी वक्त बिताना पसंद करती हैं।
FAQ’s
Q1. वैष्णवी शर्मा कौन हैं?
वैष्णवी शर्मा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बाएं हाथ की स्लो लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिन गेंदबाज हैं। वह मध्य प्रदेश के ग्वालियर की रहने वाली हैं।
Q2. वैष्णवी शर्मा की उम्र कितनी है?
वैष्णवी शर्मा का जन्म 18 दिसंबर 2005 को हुआ था। अक्टूबर 2026 तक उनकी उम्र 20 साल है।
Q3. जिम्बाब्वे के खिलाफ वैष्णवी शर्मा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन क्या है?
जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 10 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट लिए।
Q4. वैष्णवी शर्मा ने U-19 वर्ल्ड कप में कितने विकेट लिए थे?
उन्होंने 2025 आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप में 17 विकेट लिए थे और टूर्नामेंट की सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बनी थीं।
Q5. वैष्णवी शर्मा के पिता का नाम क्या है?
वैष्णवी शर्मा के पिता का नाम नरेंद्र शर्मा है। वह ज्योतिष के क्षेत्र से जुड़े हैं।
Q6. वैष्णवी शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कब डेब्यू किया?
उन्होंने 21 दिसंबर 2025 को श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।
Q7. वैष्णवी शर्मा किस WPL टीम का हिस्सा हैं?
वैष्णवी शर्मा 2026 महिला प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल हुई थीं।
Q8. वैष्णवी शर्मा किस तरह की गेंदबाजी करती हैं?
वह बाएं हाथ से स्लो लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिन गेंदबाजी करती हैं।





