BUXAR : इस वक्त एक बड़ी खबर बक्सर से आ रही है, जहां बम के जोरदार ब्लास्ट में एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई है। इस हादसे के दौरान मृतक का बेटा भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। वहीं, पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है।
बम बनाने के दौरान हुआ विस्फोट!
ये घटना नया भोजपुर ओपी क्षेत्र के पुराना भोजपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक आपसी विवाद को लेकर पिता-पुत्र उलझ गये, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने बाप पर ही बम फेंक दिया। इस दौरान बम विस्फोट होते ही पूरा मोहल्ला थर्रा उठा और अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में पिता बुरी तरह जख्मी हो गया और बाद में दम तोड़ दिया। वहीं, बेटा बुरी तरह से झुलस गया है। फिलहाल उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तफ्तीश में जुटी पुलिस
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही ASP के साथ-साथ स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान पुराना भोजपुर गांव का रहने वाला 50 वर्षीय प्रेमचंद गोंड बताया जाता है जबकि जख्मी पुत्र की पहचान 28 वर्षीय राजू गोंड के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पटाखा बनाने का इनका पुश्तैनी धंधा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि पुलिस का मानना है कि मृतक प्रेमचंद बम बना रहा था, इसी दौरान उसके पुत्र के साथ कहासुनी हो गयी और बम विस्फोट हो गया, जिस हादसे में उसकी मौत हो गयी।
