NEWS DESK : गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा उलटफेर हो सकता है। दरअसल, इसकी तस्दीक खुद गुजरात कांग्रेस (Gujrat Congress) के नेता हार्दिक पटेल (Hardik Patel) कर रहे हैं। हार्दिक पटेल के तेवर और कलेवर से अब ये समझा जा सकता है कि वे बहुत जल्द बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।
हार्दिक पटेल ज्वाइन करेंगे बीजेपी!
दरअसल, हार्दिक पटेल की व्हाट्सएप डीपी अब यही संकेत दे रही है। अबतक कांग्रेस के चुनाव चिह्न पंजे के साथ नजर आने वाले हार्दिक पटेल ने भगवा शॉल ओढ़ ली है। इसके साथ ही उन्होंने खुद के कांग्रेस नेता का परिचय भी हटा दिया है। अब उन्होंने खुद को प्राउड इंडियन, सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता और मानवता में यकीन करने वाला शख्स बताया है।

इस पूरे परिचय में कांग्रेस का कहीं भी जिक्र नहीं है, हालांकि अब भी उन्होंने पाटीदार नेता का अपना परिचय बरकरार रखा है। उनकी इस नयी डीपी को देखकर अब ये कयास लगाया जाने लगा है कि क्या हार्दिक पटेल कांग्रेस का हाथ छोड़कर बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।
हार्दिक पटेल ने दिखाए बागी तेवर
विदित है कि बीते कई महीनों से वे कांग्रेस में लगातार बागी तेवर दिखा रहे हैं। पिछले दिनों इंटरव्यू में उन्होंने यहां तक कह दिया कि कांग्रेस के ही नेता नहीं चाहते हैं कि अब मैं पार्टी में रहूं। उन्होंने कहा कि उन्हें गुजरात में कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है। यही नहीं उनका कहना था कि गुजरात में चुनाव करीब हैं, लेकिन कांग्रेस की कोई तैयारी नही हैं, जबकि भाजपा में मजबूत स्थिति में है। उनका कहना था कि कांग्रेसी नेताओं के रवैये की शिकायत उन्होंने राहुल गांधी से भी की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इसके साथ ही हार्दिक पटेल को लेकर कयास का बाजार उस वक्त और गरम हो गया, जब उन्होंने खुद को रामभक्त बताया था और कहा था कि बीजेपी ने राम मंदिर बनवाया है और आर्टिकल 370 को हटाकर बड़ा काम किया है। फिलहाल हार्दिक पटेल अगर बीजेपी ज्वाइन करते हैं तो भाजपा की स्थिति और भी मजबूत हो जाएगी।
