Vikram Bhatt : राज, कसूर और गुलाम जैसी सुपरहिट फिल्में देने वाले निर्माता-निर्देशक विक्रम भट्ट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महेश भट्ट और आलिया भट्ट के करीबी रिश्तेदार की गिरफ्तारी के बाद बॉलीवुड में सनसनी फैल गई है।
Vikram Bhatt : डायरेक्टर विक्रम भट्ट गिरफ्तार
फिल्ममेकर विक्रम भट्ट को मुंबई और राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनपर राजस्थान के उदयपुर के एक व्यापारी से 30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। राजस्थान और मुंबई पुलिस की टीम ने उन्हें साली के घर से दबोचा है। गिरफ्तारी के बाद अब राजस्थान पुलिस उन्हें लेकर उदयपुर जाएगी।

धोखाधड़ी से जुड़ा है पूरा मामला
दरअसल, राजस्थान के इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक डॉ. अजय मुर्डिया ने 17 नवंबर को विक्रम भट्ट समेत 8 लोगों के खिलाफ 30 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था और विक्रम भट्ट पर आरोप लगाया था। उनका आरोप है कि एक इवेंट में उनकी मुलाकात दिनेश कटारिया से हुई थी। दिनेश कटारिया ने उन्हें पत्नी की बायोपिक बनाने का प्रस्ताव दिया और फिर मुंबई के वृंदावन स्टूडियो बुलाया था, जहां उनकी मुलाकात विक्रम भट्ट से करायी गयी थी, जहां मूवी बनाने पर चर्चा हुई थी।
इस दौरान ये तय हुआ था कि फिल्म मेकिंग की पूरी जिम्मेदारी मशहूर निर्माता-निर्देशक विक्रम भट्ट उठाएंगे। तभी विक्रम भट्टा ने अजय मुर्डिया से कहा कि उनकी पत्नी श्वेतांबरी और बेटी कृष्णा भी फिल्ममेकिंग से जुड़ी हैं। विक्रम भट्ट ने पत्नी श्वेतांबरी की फर्म VSB LLP को पार्टनर बनाया था। उनके बीच ‘बायोनिक’ और ‘महाराणा’ नाम की दो फिल्मों के लिए 40 करोड़ रुपए का कॉन्ट्रैक्ट हुआ था।

31 मई 2024 को विक्रम भट्ट को 2.5 करोड़ रुपये RTGS किए गए। कुछ दिन बाद 7 करोड़ रुपए की मांग हुई और कहा गया कि 47 करोड़ में 4 फिल्में बनेंगी, जिससे करीब 100–200 करोड़ तक का मुनाफा होगा। विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी के कहने पर अजय मुर्डिया ने उनके बताए हुए वेंडर्स को ऑनलाइन पेमेंट की। फिर 2 जुलाई 2024 को अजय मुर्डिया ने इंदिरा एंटरटेनमेंट LLP रजिस्टर करवाई थी। इस फर्म के खाते से करीब 3 लाख रुपये की पेमेंट की गई थी।
जारी हुआ था लुकआउट नोटिस
मामले की शुरुआती जांच में सामने आया कि जिन वेंडर्स को इंदिरा एंटरटेनमेंट के खाते से पेमेंट हुई, वे फर्जी थे। जिन वेंडर्स को पेमेंट हुआ, वे पुताई वाले या ऑटो वाले निकले। पेमेंट के बाद रकम का एक बड़ा हिस्सा विक्रम भट्ट की पत्नी के खाते में ट्रांसफर किया जाता था।

गौरतलब है कि हफ्ते भर पहले ही फिल्ममेकर विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी सहित छह आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। सभी आरोपियों को 8 दिसंबर तक उदयपुर पुलिस के सामने पेश होने के लिए भी नोटिस दिए गए था।
