Headmaster Dance Video Viral : गुरुजी और शिष्य का रिश्ता एकबार फिर तार-तार हो गया है, जहां सरकारी स्कूल में कक्षा 8 के छात्रों की फेयरवेल पार्टी में एक ऐसी शर्मनाक घटना हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में बवाल मच गया है। शिक्षा विभाग के साथ-साथ अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है।
Headmaster Dance Video Viral : शिक्षा विभाग का सख्त एक्शन
दरअसल, ये पूरा मामला झारखण्ड के गढ़वा जिले का है, जहां मेराल प्रखंड के सोहबरिया गांव स्थित सरकारी स्कूल में कक्षा 8 के छात्रों की फेयरवेल पार्टी चल रही थी। इस दौरान डीजे की धुन पर स्कूल के हेडमास्टर इतने मगन हो गये कि उन्होंने सारी मर्यादाएं लांघते हुए अश्लील गाने पर डांस करते रहे और फिर नाबालिग छात्रा को गोद में उठा लिया। इस दौरान कुछ शिक्षक हेडमास्टर की करतूत का वीडियो भी बनाते दिखे।

वीडियो वायरल होते ही सस्पेंड
सोशल मीडिया पर हेडमास्टर की करतूत वाला वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने तुरंत प्रारंभिक जांच के आदेश दिए। जांच में वीडियो के तथ्यों की पुष्टि होने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अनुशासनहीनता और शिक्षक आचरण नियमावली के उल्लंघन के तहत बड़ी कार्रवाई की है और स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

दो शिक्षक भी बर्खास्त
निलंबन की अवधि के दौरान प्रधानाध्यापक को मुख्यालय गढ़वा के क्षेत्र शिक्षा अधिकारी कार्यालय में निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें रोजाना बायोमेट्रिक उपस्थिति लगानी होगी। इसके साथ ही इस शर्मनाक घटना में शामिल दो सहायक शिक्षकों को झारखण्ड सहायक अध्यापक सेवा शर्त नियमावली 2021 के तहत सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शिक्षा विभाग का स्पष्ट कहना है कि जांच पूरी होने के बाद अन्य दोषियों के खिलाफ भी कड़ा एक्शन लिया जाएगा।
