RANCHI : झारखण्ड से इस वक्त एक बड़ी खबर आ रही है कि झारखण्ड सरकार की खान सचिव पूजा सिंघल ईडी दफ्तर पहुंच गई है। सोमवार को पूजा सिंघल (IAS Puja Singhal) को पूछताछ के लिए ईडी ने समन भेजा था लिहाजा समन मिलने के बाद अब वे ईडी ऑफिस पहुंची हैं, जहां उनसे पूछताछ शुरू हो गई है।
ईडी दफ्तर पहुंची पूजा सिंघल
पूजा सिंघल के साथ उनके पति अभिषेक झा भी ईडी दफ्तर पहुंचे हैं। विदित है कि मनी लाउंड्रिंग मामले में झारखंड सरकार की खान सचिव पूजा सिंघल को ईडी ने पूछताछ के लिए तलब किया गया था। IAS पूजा सिंघल के CA सुमन सिंह, उनके पति अभिषेक झा से ईडी की टीम लगातार पूछताछ कर ही रही है लेकिन आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि आज पूजा सिंघल से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस छावनी में तब्दील ईडी कार्यालय
पूजा सिंघल से पूछताछ को लेकर ईडी दफ्तर के बाहर भी काफी गहमागहमी है। ईडी दफ्तर की सुरक्षा को लेकर पूरे ऑफिस को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। गौरतलब है कि खान सचिव पूजा सिंघल ईडी के रडार पर है। खूंटी और चतरा में डीसी रहते हुए पूजा सिंघल के कार्यकाल में मनरेगा घोटाले को लेकर ईडी ने अपने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
मनरेगा घोटाले में सरकार ने ACB से जांच का आदेश दिया था लेकिन इस मामले में एसीबी को जांच का आदेश नहीं मिला। ऐसे में इन मामलों की जांच एसीबी ने नहीं की। ईडी अब यह पड़ताल कर रही है कि वो कौन लोग थे, जिन्होंने मामले को एसीबी तक जांच पहुंचने ही नहीं दिया।
बढ़ गया जांच का दायरा
मनरेगा घोटाले और उनसे जुड़ी तमाम फाइलों का ईडी अध्ययन कर रही है। ऐसे में इन मामलों में जांच का दायरा बढ़ सकता है। गौरतलब है कि मनरेगा घोटाले में कमिश्नर रैंक के अधिकारियों ने तत्कालीन डीसी के खिलाफ रिपोर्ट की थी लेकिन उन रिपोर्ट्स पर कभी कार्रवाई नहीं हुई।
