IPL Auction 2026 : बिहार के दो क्रिकेटर्स का आईपीएल ऑक्शन 2026 में बोली लगी, जिसके बाद गोपालगंज के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन को सनराइजर्स हैदराबाद ने और सुपौल के मो. इजहार को मुंबई इंडियंस ने खरीद लिया है। दोनों की कीमत 30-30 लाख रुपये लगाई गई है। बिहार के इन क्रिकेटर्स के चयन के बाद प्रदेश के क्रिकेट प्रशंसकों में खुशी की लहर है, वहीं बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने भी खुशी जताते हुए शुभकामनाएं दी है।
IPL Auction 2026 : बिहार से ताल्लुक रखने वाले ये भी खिलाड़ी बिके
बिहार के इन दो प्लेयर्स के अलावा पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के पुत्र सार्थक रंजन को केकेआर ने खरीदा है। KKR ने सार्थक पर 30 लाख रुपये की बोली लगाई है। सार्थक पहली बार IPL ऑक्शन में शामिल हुए हैं। वे दिल्ली के लिए रणजी खेलते हैं। वहीं, आकाशदीप को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 1 करोड़ रुपए में खरीदा है।

बिहार के खिलाड़ियों के चयन पर बीसीए अध्यक्ष ने कहा कि “यह चयन उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतिफल है। साकिब हुसैन और मोहम्मद इज़हार ने अपने प्रभावी प्रदर्शन के माध्यम से यह स्पष्ट किया है कि बिहार क्रिकेट बिल्कुल सही दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसका प्रमाण है कि अब हमारे खिलाड़ी भी देश के बड़े मंच पर अपनी मजबूत और विश्वसनीय पहचान स्थापित कर रहे हैं।”

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन का निरंतर प्रयास है कि राज्य के अधिक से अधिक खिलाड़ी ऐसे बड़े फॉर्मेट में खेलें और अपने प्रदर्शन के माध्यम से बिहार, बिहार क्रिकेट, राज्य और देश का नाम आगे बढ़ाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में और भी युवा खिलाड़ी इस दिशा में आगे बढ़ेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है और विश्वास जताता है कि वे आने वाले समय में अपने खेल से सभी को प्रेरित करेंगे।
