Ravi Kishan : गोरखपुर के बीजेपी सांसद रवि किशन के बाद अब उनके एक और करीबी को जान से मारने की धमकी मिली है। ये धमकी लॉरेंस गैंग के नाम पर दी गई है। बड़ी बात ये है कि धमकी देने वाले ने खुद को बिहार का बताया है और कहा है कि अंजाम बुरा होगा।
Ravi Kishan के करीबी को मिली धमकी
दरअसल, बीजेपी सांसद रवि किशन के निजी सचिव के बाद अब उनके घर पर कथा वाचन करने वाले प्रवीण शास्त्री को ये धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि ये धमकी उस वक्त मिली, जब वे देवरिया से कथा वाचन के बाद लौट रहे थे। ये धमकी बिहार नंबर के कॉल से आया। धमकी देने वाले ने कहा कि अपने सांसद को समझा दो, कोई प्रशासन नहीं बचा पाएगा। यह तो सिर्फ ट्रेलर है।

खेसारी लाल का नाम लेकर धमकी
प्रवीण शास्त्री की माने तो धमकी देने वाले ने भोजपुरी ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव का भी जिक्र किया और कहा कि खेसारी लाल को ऐसा-वैसा बोल दिया, बच नहीं पाओगे। उनके साथ रहते हो, देखता हूं कौन बचाता है? धमकी देने वाले ने प्रवीण शास्त्री को व्हाट्सएप पर मैसेज भी भेजा, जिसमें बीजेपी सांसद रवि किशन, सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला और प्रवीण शास्त्री की तस्वीर पर क्रास का निशान था।

तफ्तीश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। कॉल रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। उसका लोकेशन ट्रेस किया जा रहा है।

