ROHTAS : बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी की जमकर तारीफ की है और कहा है कि नितिन गडकरी जैसे मंत्री मोदी सरकार में और भी होने चाहिए ताकि विभागों का काम कभी नहीं रुक सके। इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने ये भी कहा कि नितिन गडकरी पार्टी नहीं बल्कि विकास के लिए काम करते हैं और इनसे काफी कुछ सीखने को मिलता है।

गडकरी की तारीफ के बांधे पुल
रोहतास में सोन नदी पर पंडुका के पास 210 करोड़ रुपये की लागत से 1.5 किमी लंबा 2 लेन आरसीसी पुल का निर्माण किया जाना है, जिसका सोमवार को शिलान्यास किया गया। इसी मौके पर कार्यक्रम में मौजूद बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने ये बातें कहीं। तेजस्वी यादव ने ये भी कहा कि नितिन गडकरी विकास के मामले में पार्टी नहीं बल्कि जनता को देखते हैं और देश को देखते हैं।
‘मिलता है जबरदस्त सहयोग’
तेजस्वी ने गडकरी की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि हमारा उनके साथ काफी अच्छा अनुभव रहा है। बेशक पहली बार हम 18 महीने के लिए डिप्टी सीएम बने लेकिन हमेशा नितिन गडकरी का सहयोग मिलता रहा है। किसी भी काम के लिए उनके पास गये तो उन्होंने तुरंत उस काम को किया। हम तो कहेंगे हम तो युवा हैं, छोटे हैं। हमें काम करने की लालसा है।

विचारधारा अलग लेकिन…
इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने कहा कि मुझे सीखने की भूख है और नितिन गडकरी से भी सीखने को बहुत कुछ मिलता है…भले ही विचारधारा अलग हो। तेजस्वी ने कहा कि नितिन गडकरी जब मंत्री हैं तो उन्हें चिंता नहीं करना है। मुझे पूरा विश्वास है कि जो मांग हम आपके सामने रखेंगे, उसको पूरा करने का काम कीजिएगा और अंजाम तक पहुंचाइएगा। हम तो चाहेंगे कि जिस प्रकार से गडकरी हैं, वैसे केन्द्र में और भी मंत्री हों ताकि और भी विभागों में काम न रुके।
