6 Dead in Bus Accident : बेलगाम रफ्तार का कहर एकबार फिर देखने को मिला है। बेकाबू यात्री बस के पेड़ में टकराने से 6 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई है, वहीं, 15 से अधिक मुसाफिर जख्मी हैं। इस हादसे में तीन पुरुष, दो महिला और एक बच्ची की मौत हो गई है। इस भीषण दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई है।
बस में कुल 30 यात्री थे सवार
ये भीषण हादसा छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र में हुआ है। बताया जा रहा है कि ये यात्री बस मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी की तरफ जा रहा था, जिसमें कुल 30 यात्री सवार थे लेकिन तभी सेमरमथानी मोड़ के पास बस बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई और ये भयानक हादसा हो गया।

मौके पर मची अफरा-तफरी
इस हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक 4 घायलों की हालत काफी गंभीर बतायी जा रही है। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






