Arshad Khan Biography in Hindi : कौन हैं अरशद खान?, पिता ने पूरी की क्रिकेटर बनने की जिद, IPL में दिखाया दम, अब UAE के खिलाफ 4 विकेट लेकर मचाई धूम, जानें पूरी कहानी

SHARE:

Arshad Khan Biography in Hindi

Arshad Khan Biography in Hindi : अरशद खान भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से एक हैं। मध्य प्रदेश के रहने वाले अरशद अपनी तेज गेंदबाजी और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। बाएं हाथ से बल्लेबाजी और बाएं हाथ से तेज–मध्यम गति की गेंदबाजी करने वाले अरशद ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके अपनी अलग पहचान बनाई है। IPL में मुंबई इंडियंस से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरशद खान लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों का भी हिस्सा रह चुके हैं। खास बात यह है कि उन्होंने घरेलू क्रिकेट में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से क्रिकेट लवर्स का ध्यान आकर्षित किया है।

अरशद खान का शुरुआती जीवन

भारतीय क्रिकेटर अरशद खान का पूरा नाम मोहम्मद अरशद खान है। उनका जन्म 20 दिसंबर 1997 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के एक छोटे से गांव गोपालगंज में एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम अशफाक खान है, जो रिटायर्ड सरकारी शिक्षक हैं और सिवनी जिला क्रिकेट एसोसिएशन में कोच भी रहे हैं। उनकी मां आलिया खान गृहिणी हैं।

सीमित आय के बावजूद उनके पिता ने उनके सपने को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जब उनके पिता की मासिक तनख्वाह मात्र 15 हजार रुपये थी, तब उन्होंने अरशद को 16 हजार रुपये की पहली क्रिकेट किट दिलाई थी। अरशद के पिता ने ही 8-9 साल की उम्र में उनकी प्रतिभा को पहचाना, जब वे अपने से काफी बड़े लड़कों के साथ खेलते हुए आसानी से बड़े छक्के मारते थे।

ये भी पढ़ें : कौन हैं शिखर मोहन?, न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली इंडिया-A टीम में शामिल, जानें 22 गज की पट्टी पर धमाल मचाने वाले इस युवा क्रिकेटर की पूरी कहानी

Arshad Khan Biography in Hindi
Arshad Khan Biography in Hindi

कैसे शुरू हुआ क्रिकेट करियर?

अरशद खान के क्रिकेट करियर की शुरुआत संयोग और कड़ी मेहनत से हुई, जब वे एक विशुद्ध बल्लेबाज से अचानक एक खतरनाक तेज गेंदबाज बन गए। महज 11 साल की उम्र में मध्य प्रदेश की U-14 टीम से जुड़ने के बाद 2019-20 की सीके नायडू ट्रॉफी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।

करियर की शुरुआत में अरशद केवल बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज थे और सिवनी में टेनिस बॉल क्रिकेट में छक्के लगाने के लिए जाने जाते थे। जबलपुर डिवीजन की ओर से होशंगाबाद के खिलाफ एक मैच के दौरान जब टीम के मुख्य गेंदबाज विकेट लेने में नाकाम रहे तो कोच अब्दुल कलाम खान और डिवीजन सचिव धर्मेश पटेल ने अरशद को नई गेंद थमा दी। अरशद ने अपनी पहली ही कोशिश में शानदार इनस्विंग गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके, जिसके बाद उन्होंने गेंदबाजी को गंभीरता से अपनाया और एक पूर्ण ऑलराउंडर बन गए।

अरशद खान के करियर का टर्निंग प्वाइंट

महज 11 वर्ष की उम्र में मध्य प्रदेश की U-14 टीम में चुने जाने के बाद वे लगातार U-16 (2012), U-19 (2015) और U-23 (2017-18) टीमों का हिस्सा बने। U-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के 2019-20 सत्र में उन्होंने 10 मैचों में 36 विकेट लिए और 400 से अधिक रन, जिसमें असम के खिलाफ 134 और मुंबई के खिलाफ 54 गेंदों में 86 रन शामिल थे, उन्होंने बनाए। इसी प्रदर्शन ने आईपीएल स्काउट्स का ध्यान उनकी ओर खींचा। इसके बाद 24 फरवरी 2021 को इंदौर में तमिलनाडु के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए अपना सीनियर लिस्ट-ए डेब्यू किया।

Arshad Khan Biography in Hindi
Arshad Khan Biography in Hindi

अरशद खान का संक्षिप्त परिचय

पूरा नाम : मोहम्मद अरशद खान
लोकप्रिय नाम : अरशद खान
जन्म : 20 दिसंबर 1997
जन्मस्थान : गोपालगंज, सिवनी, मध्य प्रदेश
उम्र : 28 वर्ष (नवंबर 2026 तक)
पिता का नाम : अशफाक खान
माता का नाम : आलिया खान
पेशा : भारतीय क्रिकेटर
भूमिका : बॉलर
बल्लेबाजी शैली : बाएं हाथ के बल्लेबाज
गेंदबाजी शैली : बाएं हाथ के तेज-मध्यम गेंदबाज
घरेलू टीम : मध्य प्रदेश
IPL टीम : गुजरात टाइटंस
IPL डेब्यू : 2023
पहचान : UAE के खिलाफ इंडिया-A के लिए 4 विकेट लेने वाले बॉलर

अरशद खान का IPL में डेब्यू

साल 2022 में जूनियर स्तर के प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस (MI) ने उन्हें आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी में 20 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा लेकिन चोट के कारण वे उस सीजन में एक भी मैच नहीं खेल सके। इसके बाद साल 2023 में मुंबई इंडियंस ने उन पर भरोसा बनाए रखा और आखिरकार 2 अप्रैल 2023 को बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ उन्होंने अपना आईपीएल और टी20 डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने फाफ डु प्लेसिस का विकेट लेकर प्रभावित किया।

2 अप्रैल 2023 को आईपीएल डेब्यू करने के बाद अरशद खान का करियर तेजी से आगे बढ़ा। डेब्यू सीजन में अरशद को मुंबई इंडियंस (MI) के लिए 6 मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 5 विकेट लिए। फिर 30 अप्रैल 2023 को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ उन्होंने 39 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जो उस सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। हालांकि, अधिक रन लुटाने (इकोनॉमी 13.41) के कारण सीजन के बाद मुंबई ने उन्हें रिलीज कर दिया।

इसके बाद अरशद खान ने 2023 विजय हजारे ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के लिए खेलते हुए पंजाब के खिलाफ महज 9 रन देकर 3 विकेट झटके और अपनी लय वापस पाई।

Arshad Khan Biography in Hindi
Arshad Khan Biography in Hindi

IPL 2024 में LSG और विस्फोटक अर्धशतक

आईपीएल 2024 की नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने उन्हें अपने साथ जोड़ा। इस सीजन में उन्हें सिर्फ 4 मैच मिले और गेंदबाजी में केवल 1 विकेट मिला लेकिन 14 मई 2024 को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 33 गेंदों में नाबाद 58 रन (3 चौके, 5 छक्के) की तूफानी पारी खेलकर सभी को चौंका दिया।

IPL 2025 और 2026 में गुजरात टाइटंस में

अरशद खान के ऑलराउंड खेल को देखते हुए IPL 2025 की मेगा नीलामी में गुजरात टाइटंस (GT) ने उन्हें 1.30 करोड़ रुपये में खरीदा। गुजरात के लिए उन्होंने 9 मैचों में 6 विकेट लिए। इस दौरान 2 अप्रैल 2025 को उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ विराट कोहली का बड़ा विकेट हासिल किया और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2 ओवर में मात्र 7 रन देकर 1 विकेट लिया।

फिर IPL 2026 में गुजरात टाइटंस ने उन्हें 2026 सीजन के लिए रिटेन किया। इस सीजन में उन्होंने 8 मैचों में 6 विकेट लिए और 209.09 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। 30 अप्रैल 2026 को RCB के खिलाफ उन्होंने 3/22 का अपना सर्वश्रेष्ठ आईपीएल गेंदबाजी प्रदर्शन किया।

घरेलू क्रिकेट में ऐतिहासिक रिकॉर्ड

अक्टूबर 2025 में उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए पंजाब के खिलाफ अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया। उन्होंने पंजाब के खिलाफ नाबाद 60 रन बनाए और गोवा के खिलाफ 3/21 के साथ महत्वपूर्ण ऑलराउंड प्रदर्शन किया। फिर 2025-26 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में चंडीगढ़ के खिलाफ खेलते हुए अरशद ने 4 ओवर में 1 मेडन के साथ 9 रन देकर 6 विकेट (6/9) लिए, जो इस टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा बन गया।

Arshad Khan Biography in Hindi
Arshad Khan Biography in Hindi

इंडिया A टीम में हुआ सेलेक्शन

नवंबर 2026 में घरेलू स्तर और IPL में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर उन्हें नवंबर 2026 में दोहा में आयोजित ACC मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के लिए इंडिया-ए टीम में चुना गया। उन्होंने यूएई (UAE) के खिलाफ मैच में 43 रन देकर 4 विकेट (4/43) लेकर अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी छाप छोड़ी। इसी मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने भी रिकॉर्ड कायम किया और 28 छक्के लगाते हुए मात्र 53 गेंदों पर 204 रनों की तूफानी पारी खेल एक रिकॉर्ड कायम कर दिया।

Arshad Khan Biography in Hindi : अरशद खान का करियर

अरशद खान ने अपने करियर में अबतक 9 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिनमें कुल 13 विकेट झटके हैं। वहीं, 14 लिस्ट ए मुकाबलों में अरशद ने 24 और 38 टी20 मैचों में कुल 35 विकेट अबतक अपने नाम किए हैं। वहीं, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अबतक कुल 186 रन बनाए हैं, जिनमें नाबाद 60 रनों की पारी सर्वश्रेष्ठ है। वहीं, लिस्ट ए में कुल 48 रन और टी20 में 249 रन बनाए हैं। टी20 में नाबाद 58 रनों की पारी बेस्ट है।

अरशद खान का निजी जीवन

अरशद अपने परिवार में सबसे छोटे हैं। उनके दो बड़े भाई हैं, जिनमें नाम हैं – मोहम्मद जकारिया खान, जो पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़े हैं और अशरफ खान। वे एक पारंपरिक मुस्लिम परिवार से आते हैं और अपने जीवन की हर सफलता का श्रेय अपने माता-पिता की दुआओं और पिता के त्याग को देते हैं। वे पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान के अलावा युवराज सिंह, बेन स्टोक्स और शोएब अख्तर को अपना पसंदीदा क्रिकेटर मानते हैं। क्रिकेट के अलावा उन्हें यात्रा करना पसंद है और खाने में उन्हें पोहा और बिरयानी बेहद प्रिय हैं।

FAQ’s
1. अरशद खान कौन हैं?
अरशद खान भारतीय क्रिकेटर और गेंदबाज हैं। वह बाएं हाथ से बल्लेबाजी और बाएं हाथ से तेज-मध्यम गति की गेंदबाजी करते हैं।

2. अरशद खान का जन्म कब और कहां हुआ था?
अरशद खान का जन्म 20 दिसंबर 1997 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के गोपालगंज में हुआ था।

3. अरशद खान के पिता का नाम क्या है?
अरशद खान के पिता का नाम अशफाक खान है। वह रिटायर्ड सरकारी शिक्षक और क्रिकेट कोच रहे हैं।

4. अरशद खान ने IPL में डेब्यू कब किया था?
अरशद खान ने 2 अप्रैल 2023 को मुंबई इंडियंस की ओर से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ IPL में डेब्यू किया था।

5. अरशद खान IPL में किस टीम से खेलते हैं?
अरशद खान गुजरात टाइटंस की टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए भी खेल चुके हैं।

6. अरशद खान ने UAE के खिलाफ कितने विकेट लिए थे?
अरशद खान ने एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में UAE के खिलाफ 43 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे।

7. अरशद खान की गेंदबाजी शैली क्या है?
अरशद खान बाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज हैं।

और पढ़ें