Buxar : बक्सर (Buxar) के चौसा प्रखंड क्षेत्र के ईसापुर बाजार में रविवार को करंट की चपेट में आकर एक वेल्डिंग मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में एक अन्य दुकानदार गंभीर रूप से झुलस गया। मृतक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के मंगराव गांव निवासी 55 वर्षीय रामप्रवेश शर्मा के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से ईसापुर बाजार में वेल्डिंग की दुकान चला रहे थे।
Buxar में दर्दनाक हादसा
घटना रविवार की सुबह करीब 7 बजे की है, जब रामप्रवेश शर्मा रोज की तरह अपनी दुकान खोल रहे थे। जैसे ही उन्होंने शटर उठाया और दुकान में प्रवेश किया, अचानक टूटे हुए बिजली के तार से उनका शरीर संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आकर वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
कुछ देर बाद पास की दुकान के दुकानदार मंजूर सिद्दीकी, जो बाजार से लौट रहे थे, उन्हें अचेत देख दौड़े और उठाने की कोशिश की। इस प्रयास में वह खुद भी करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गए। दोनों को अचेत देख एक राहगीर ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह बिजली सप्लाई बंद कर दोनों को बाहर निकाला।
ये भी पढ़ें : Big Tragedy : नहर में गिरी श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो, 11 की मौत, मची चीख-पुकार

नजदीकी निजी क्लिनिक ले जाने पर डॉक्टर ने रामप्रवेश शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि मंजूर सिद्दीकी को प्राथमिक उपचार के बाद होश में लाया गया। होश में आने पर उन्होंने पूरी घटना बताई और कहा कि अगर राहगीर समय पर न देखता तो उनकी जान भी जा सकती थी।
स्थानीय लोगों ने किया बवाल
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे नाराज़ ग्रामीणों ने शव को चौसा-मोहनिया मुख्य सड़क पर रखकर जाम कर दिया। एक घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा और दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।

बाद में पहुंचे राजस्व अधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। छोटे भाई चुनमुन शर्मा ने बताया कि रामप्रवेश का एक बेटा अखिलेश शर्मा है और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे पूर्व मुखिया मकरध्वज सिंह ‘विद्रोही’, जिला परिषद सदस्य पूजा कुमारी सहित कई लोगों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
