Chirag meets CM Nitish : बिहार में एनडीए के प्रचंड जीत के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। एनडीए के कई बड़े नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के साथ ललन सिंह, विजय चौधरी और श्याम रजक मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। इसके साथ ही केन्द्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान भी 1, अणे मार्ग पहुंचे।
Chirag meets CM Nitish : CM आवास पर हलचल तेज
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से मिलकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी। उनके नेतृत्व में एनडीए ने बिहार में ऐतिहासिक जीत हासिल किया है। खुशी इस बात की है कि मुख्यमंत्री जी ने गठबंधन को मजबूती से जोड़कर रखने का काम किया है। केंद्रीय मंत्री और LJP(रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि “आज LJP (रामविलास) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुलाकात की और जिस तरीके से उनके नेतृत्व में NDA गठबंधन ने चुनाव लड़ने का काम किया, उसके लिए हम सबने मिलकर उन्हें बधाई दी है।
चिराग पासवान ने ये भी कहा कि आने वाले दिनों में गठबंठधन और सरकार की क्या रूपरेखा रहेगी, उसपर भी हमने चर्चा की है। आज मुझे इस बात का गर्व है कि कहीं ना कहीं पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत से आज पार्टी ने अपने आपको उस मुकाम तक लेकर जाने का काम किया, जो सोच मेरे नेता आदरणीय रामविलास पासवान जी की रही है।”

कल होगा विशेष कार्यक्रम
वहीं, बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि वे लोग कल तक सभी जिलों में मतदाता धन्यवाद कार्यक्रम करेंगे। इसके बाद सभी पांचों दल अलग-अलग बैठकर अपने नेता का चयन करेंगे। इसके बाद एनडीए और केन्द्रीय नेतृत्व बैठकर एनडीए विधायक दल के नेता का चयन करेंगे। इसके बाद शपथग्रहण समारोह की तारीख तय होगी।

उमेश कुशवाहा ने जताया आभार
वहीं, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट किया है। बिहार के लोगों ने सुशासन और विकास पर मुहर लगायी है। बिहार की जनता ने पीएम मोदी और सीएम नीतीश की करिश्माई जोड़ी पर भरोसा जताया है।
