Tejashwi Yadav Lapta : बिहार विधानसभा का चुनाव खत्म हो गया है, नई सरकार का गठन भी हो गया है लेकिन सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एकबार फिर सुर्खियों में हैं क्योंकि वे बीते कुछ दिनों से सियासत से दूर हैं लिहाजा बीजेपी ने उनपर तीखा प्रहार किया है।
Tejashwi Yadav Lapta : तेजस्वी यादव लापता
बिहार बीजेपी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा किया है और लिखा है कि लापता की तलाश!, नाम : तेजस्वी यादव, पहचान : 9वीं फेल, आखिरी बार कब देखा : मीडिया से मुंह छिपाकर भागते हुए। भारतीय जनता पार्टी ने तेजस्वी यादव की तस्वीर के साथ ये पोस्ट साझा किया है।

JDU ने भी कसा तंज
बिहार बीजेपी के साथ-साथ नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने भी तेजस्वी यादव पर तंज कसा है। जेडीयू के एमएलसी नीरज कुमार ने कहा है कि जो विद्यार्थी पढ़ाई में रुचि नहीं रखते, वे अक्सर स्कूल से भाग जाया करते हैं। तेजस्वी यादव भी उसी तरह स्कूल से भागे हुए नेता हैं। बिहार की जनता ने भी उन्हें राजनीतिक रूप से भगा दिया है।

“तेजस्वी यादव खुद एक ‘ग्रह’ हैं”
इसके साथ ही नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि जब तेजस्वी यादव के पिता को ही यह नहीं पता कि उनका बेटा कहां है तो प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल क्या ही बताएंगे, जिनमें बोलने की हिम्मत तक नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि तेजस्वी यादव किस “ग्रह” पर हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव खुद बिहार के लिए एक “ग्रह” बन चुके हैं।

