Nitish kumar samriddhi yatra : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थर्ड फेज की समृद्धि यात्रा पर है। मंगलवार को उन्होंने इसकी शुरुआत सुपौल से की है, जहां उन्होंने राज्यसभा जाने से पहले सरकार के 5 साल का विजन बताया और हुंकार भरते हुए कहा कि आने वाले दिनों में राज्य सरकार 1 करोड़ युवाओं को नौकरी देगी। महिलाओं को रोजगार के लिए 2-2 लाख रुपये दिए जाएंगे।
Nitish kumar samriddhi yatra : सुपौल से CM नीतीश का बड़ा संदेश
इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुरानी सरकार पर जमकर वार किया और कहा कि साल 2005 के पहले बिहार में कोई विकास का काम नहीं हुआ। वो गड़बड़ किया तो अपनी पत्नी को CM बना दिया। उन लोगों के किसी के लिए कुछ नहीं किया। हमने महिलाओं के लिए काम किया है। पूर्व की सरकार में शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट थी। हिंदू-मुस्लिम झगड़े होते थे। लोग शाम को घरों से बाहर निकलने से डरते थे। हमारी सरकार ने बिहार में कानून का राज स्थापित किया। आज देखिए कितनी तेजी से विकास के काम हो रहे हैं।

वहीं, डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में ही काम करेगा। नीतीश कुमार जी कहीं नहीं जा रहे हैं, वो हम लोगों के बीच में ही रहेंगे। वो हमारा मार्गदर्शन करेंगे।
“बिहार और बिहार वासियों को कभी अपने से दूर मत समझिएगा”
इस मौके पर मंत्री विजय चौधरी ने भी सभा को संबोधित किया और कहा कि बिहार को मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व ने विकसित प्रदेश बनाया है। उनके जाने से पूरा बिहार दुखी है। मैं जानता हूं कि आप सभी चाहते हैं कि मुख्यमंत्री जी यहीं रहें। हम मुख्यमंत्री जी के हर फैसले में साथ रहते हैं। इनके इस फैसले को हम लोगों ने शर्त के साथ स्वीकार किया है। ये भले राज्यसभा चले जाएं लेकिन बिहार को देखना होगा।

इसके साथ ही मंत्री विजय चौधरी ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के सामने ही कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बिहार की राजनीति चलेगी। ना वो बिहार से कभी अलग होंगे। बिहार का नेतृत्व नीतीश जी ने ही किया है। आगे भी इनपर ही भरोसा है। 5 साल तक जनादेश दिया है। आने वाली सरकार इन्हीं के नेतृत्व में चलेगी। ये राज्यसभा जाएंगे, लेकिन बिहार में इन्हीं की नीतियों पर सरकार चलेगी। बिहार और बिहार वासियों को कभी अपने से दूर मत समझिएगा। आपको बिहार की सरकार से हमेशा मतलब रखना पड़ेगा। हमें आदत पड़ी है, आपके नेतृत्व में काम करने की। मुख्यमंत्री ने हमसे वादा किया है कि दिल्ली से भी बिहार पर पूरी नजर रखेंगे।

