PATNA : दो बाहुबलियों का मिलन कोर्ट परिसर में हुआ। आजकल दोनों एक ही पार्टी के विधायक हैं। दोनों लालू यादव (Lalu Yadav) के लालटेन को रोशन कर रहे हैं। खुद को मोकामा का ‘छोटे सरकार’ कहलाने वाले अनंत सिंह (Anant Singh) और ज’रायम की दुनिया से सियासत में आए दानापुर के रीतलाल यादव (Ritlal Yadav) पटना सिविल कोर्ट में मिले। एमएलसी चुनाव की जीत को लेकर एडवांस में बधाई देने के लिए रीतलाल यादव पहुंचे तो ‘छोटे सरकार’ से गले की चेन मांग लिए।
…जब रीतलाल को चेन देने लगे अनंत सिंह
दरअसल, जेल में बंद आरजेडी विधायक अनंत सिंह पटना सिविल कोर्ट में पेशी के लिए आए थे। बिहार में आजकल माहौल एमएलसी चुनाव का है। पटना सीट से रीतलाल यादव अपने छोटे भाई को एमएलसी बनवाना चाह रहे थे, उधर अनंत सिंह मास्टर कार्तिकेय कुमार को जीताना चाह रहे थे। आखिरकार बाजी अनंत सिंह के हाथ लगी।
कार्तिकेय कुमार के नाम की घोषणा खुद लालू यादव ने किया था। इसके बाद रीतलाल यादव ने अपना पैर वापस खींच लिए। MLC चुनाव की वोटिंग हो चुकी है। काउंटिंग सात अप्रैल को है। इस जीत की एडवांस में बधाई अनंत सिंह को देने के लिए रीतलाल यादव पटना सिविल कोर्ट पहुंचे थे। पेशगी की तौर पर अनंत सिंह से सोने की चेन मांग लिए। अनंत सिंह अपने गले से चेन उतारकर रीतलाल यादव को देने लगे।
‘दादा हमलोग पटना एमएलसी चुनाव जीत रहे हैं’
पटना सिविल कोर्ट में रीतलाल यादव ने अनंत सिंह से कहा कि दादा हमलोग पटना एमएलसी चुनाव जीत रहे हैं। जिस पर अनंत सिंह ने खुशी जताई और रीतलाल को अपना सोने का चेन गले से निकालकर देने लगे। इस पर रीतलाल बोले कि भैया हमको बड़का काहे, छोटका चेन ही दे दीजिए न। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
‘बड़का काहे दे रहे हैं…छोटका न दीजिए’
वीडियो में दिख रहा है कि अनंत सिंह एक व्हील चेयर पर बैठे हैं। उनको चारों तरफ से लोग घेरे हुए हैं। रीतलाल यादव उनसे कुछ उपहार मांग रहे हैं। रीतलाल यादव ने कहा कि दादा कुछ उपहार दीजिए…एमएलसी चुनाव पटना से जीत रहे हैं, इतना सुनते ही अनंत सिंह खुश हो गए। अपने गले से चेन उतारकर रीतलाल को देने लगे।
हालांकि रीतलाल यादव ने कहा कि बड़ा क्यों दे रहे हैं, छोटा दे दीजिए। फिर हाथ में से ब्रेसलेट निकाल कर अनंत सिंह देने की कोशिश करने लगते हैं। फिर रीतलाल यादव हंसते हुए कहते हैं कि छोड़ दीजिए ले लेंगे बाद में। इसके बाद वहां मौजूद लोग जोर का ठहाका लगाते हैं। अनंत सिंह के व्हील चेयर को पकड़कर रीतलाल आगे बढ़ते दिख रहे हैं।
