Nitish Cabinet : नई सरकार के गठन के बाद नीतीश कैबिनेट की मंगलवार को दूसरी बैठक हुई, जिसमें कुल 19 एजेंडों पर मुहर लगी है। इस बैठक में जनहित के मुद्दों पर बड़ा फैसला लिया है। नीतीश कैबिनेट ने तीन नये विभागों के गठन को मंजूरी दी है।
Nitish Cabinet : 19 एजेंडों पर लगी मुहर
इसके साथ ही बिहार के कर्मियों और पेंशनधारियों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। इनका 5 फीसदी महंगाई भत्ता बढ़ा दिया गया है। यह एक जुलाई 2025 से प्रभावी होगा। साथ ही युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए विद्यार्थी कौशल प्रोग्राम चलाने का भी फैसला लिया गया है।

जिन तीन नये विभागों के गठन को मंजूरी मिली है, वे हैं – युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, नागर विमानन (सिविल एविएशन) विभाग।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए BSF के सब इंस्पेक्टर मो इम्तियाज के पुत्र मो इमदाद रजा को अनुकंपा पर नियुक्ति दी जाएगी। बिहार के युवाओं के सशक्तिकरण व हुनर विकास के लिए विद्यार्थी कौशल विकास कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन वेबिनार व ऑफलाइन सेमिनार के माध्यम से निवेशक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया द्वारा Student Skilling Programme संचालित करने के लिए एमओयू किया जाएगा। इससे छात्रों के अलावा लाभुक एवं व्यवसायी भी लाभान्वित होंगे।

नीतीश सरकार का विशेष ध्यान छात्रों व युवाओं पर है। युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी व रोजगार प्रदान करने और उन्हें कुशल बनाने के लिए युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का गठन किया जा रहा है। उच्च शिक्षा के स्तर को गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग बनेगा। इसी तरह सिविल विमानन की संभावनाओं को और विस्तृत करने तथा हवाई यातायात को सुगम बनाने के लिए सिविल विमानन निदेशालय को अलग करते हुए सिविल विमानन विभाग का गठन किया जा रहा है।
