Kanishk Chauhan : भारत को मिला धाकड़ ऑलराउंडर, जो हार्दिक पांड्या की तरह लगाता है लंबे-लंबे छक्के। चीते की भांति युवराज सिंह की तरह करता है फील्डिंग और हरभजन सिंह की तरह विरोधी बल्लेबाजों को अपनी उंगलियों पर नचाता है। ये वो खिलाड़ी है, जिसे पाकिस्तान की टीम खूब पसंद है क्योंकि उनके खिलाफ ये गजब के रंग में होता है। जब बैटिंग करने उतरता है तो पाकिस्तानी गेंदबाजों के पसीने छुड़ा देता है और जब बॉलिंग करता है तो अपनी फिरकी पर उन्हें खूब नचाता है। ये खिलाड़ी बेहद खास है, तभी तो आईपीएल में विराट कोहली की टीम ने उसे हाथोंहाथ खरीद लिया ताकि आरसीबी को मजबूती मिल सके। इस खिलाड़ी का नाम है – कनिष्क चौहान। ये नाम आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट का बड़ा सितारा बनने वाला है।
Kanishk Chauhan : भारत को मिला धाकड़ ऑलराउंडर
जिम्बॉब्वे में चल रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ कनिष्क चौहान ने सिर्फ 29 गेंदों पर 35 रन ठोके और एक अहम विकेट लेकर मैच का पासा ही पलट दिया । दमदार खेल के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। वे दूसरी बार पाकिस्तान के खिलाफ मैन ऑफ द मैच बने हैं। इससे पहले एशिया कप में भी पाकिस्तान के खिलाफ 48 रन और 3 विकेट लेकर मैच के हीरो बने थे।

हरियाणा के झज्जर जिले के कुलाना गांव से निकलकर इंटरनेशनल स्टेज तक पहुंचने की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। किसान पिता प्रदीप कुमार और गृहिणी मां सरिता चौहान के बेटे कनिष्क चौहान ने सिर्फ 4 साल की उम्र में क्रिकेट एकेडमी जॉइन की।

8 साल की उम्र में कनिष्क ने सिरसा में ट्रायल दिया। डेरा सच्चा सौदा में फैसिलिटी अच्छी थी तो वहीं पर लगातार कोचिंग की। बेटे के करियर पर फोकस करने और बेहतरीन तैयारी के लिए साल 2014 में पूरा परिवार झज्जर से सिरसा शिफ्ट हो गया। कनिष्क चौहान ने डेरा सच्चा सौदा के शाह जी सतनाम स्टेडियम में क्रिकेट का ककहरा सीखा।

14-15 साल की कड़ी मेहनत के बाद, साल 2024 में कनिष्क को भारत की अंडर-19 टीम में मौका मिला। इंग्लैंड दौरे पर कुल 114 रन और 8 विकेट झटककर बेस्ट ऑलराउंडर ऑफ द सीरीज बने और अब IPL 2026 में विराट कोहली की टीम RCB ने इस हीरे को खरीद लिया है। मतलब साफ है कि RCB को मिल गया है भविष्य का मैच विनर। जिस अंदाज़ में कनिष्क चौहान आगे बढ़ रहे हैं, वो दिन दूर नहीं जब पूरा भारत कहेगा — “ये है भारत का अगला सुपर ऑलराउंडर!”

