Anant Singh JDU se Bahar : बिहार के सियासी गलियारे से बड़ी खबर आ रही है कि मोकामा के विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह के खिलाफ जेडीयू ने बड़ा एक्शन लिया है और उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। यही नहीं उनकी पत्नी नीलम देवी को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
अनंत सिंह जेडीयू से निष्कासित
गौरतलब है कि अनंत सिंह कुछ दिनों से लगातार पार्टी लाइन से हटकर बयान दे रहे थे। पार्टी के सीनियर नेताओं के लिए अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया था। विधान परिषद चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार कर रहे थे। पार्टी से निष्कासित किए जाने के संबंध में जेडीयू की तरफ से एक पत्र जारी किया गया है।
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इस बाबत पत्र जारी किया है। पत्र में लिखा गया है कि विगत कुछ दिनों से लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के लिए अमर्यादित एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने और अभी-अभी संपन्न हुए विधान परिषद् चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के विरुद्ध कार्य करने और दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के कारण अनंत कुमार सिंह की प्राथमिक सदस्यता रद्द की जाती है।
ये भी पढ़ें : बिहार में 5 दिन तक तूफानी बारिश का अलर्ट, ओले गिरने और तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी, जानें कब से बदलेगा मौसम

स्पीकर से विधानसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा
पार्टी की प्राथमिक सदस्यता को तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए उन्हें अगले 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने आदेश जारी किया है। उन्होंने विधानसभा स्पीकर से अनंत सिंह की सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा की है।






