Bihar Crime : बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव बदस्तूर जारी है। बेलगाम बदमाशों ने एकबार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
Bihar Crime : घर में घुसकर मारी गोली
ये पूरा मामला मधुबनी के खजौली थाना क्षेत्र के महुआ एकडारा गांव का है, जहां देर रात तीन की संख्या में अपराधी एक घर में घुसे और लूटपाट करने लगे। तभी घर में सोए लोग जग गये। इस बीच घर के मालिक मदन यादव ने एक चोर को दबोच लिया, जिसके बाद अपराधी ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। इस घटना में मदन यादव की मौत हो गई। वहीं, दूसरे चोर को घर के दूसरे सदस्य ने पकड़ लिया और शोर किया, जिसके बाद पड़ोस के लोग भी जग गये और अपराधी को दबोच लिया।

गिरफ्तार अपराधी के पास से पिस्टल बरामद
वहीं, वारदात की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और दबोचे गये अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। खजौली थाना अध्यक्ष की माने तो तीन अपराधियों द्वारा घर में घुसकर फायरिंग की गई है, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई। गिरफ्तार अपराधी की पहचान खजौली थाना क्षेत्र के सुक्की गांव निवासी दिव्यांशु पासवान उर्फ छोटू के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल और बाइक बरामद किया है।

दो अपराधी अब भी फरार
वहीं, इस पूरे वारदात को अंजाम देने वाले दो अपराधी अब भी फरार है, जिनकी धर-पकड़ के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। इनकी पहचान अमरजीत यादव और सूरज यादव छपरादीगंज निवासी के रूप में की गई है।

इस पूरे मामले पर जिले के पुलिस कप्तान का कहना है कि ”पुलिस दोनों फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी 2 एवं खजौली थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
