Bihar farmers income growth : बिहार सरकार ने मंगलवार को गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से राज्य में मत्स्य और डेयरी क्षेत्र को आधुनिक एवं सशक्त बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की शुरुआत की। इन कार्यक्रमों के नाम बिहार एक्वाकल्चर इम्प्रूवमेंट प्रोग्राम और बिहार डेयरी ट्रांसफॉर्मेशन प्रोजेक्ट हैं। इन दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करना, किसानों की आय बढ़ाना और तकनीक आधारित समावेशी विकास को बढ़ावा देना है। माना जा रहा है कि इन कार्यक्रमों के शुरू होने से राज्य में मत्स्यिकी और डेयरी क्षेत्र का तेज विकास होगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
Bihar farmers income growth : डेयरी और मत्स्य क्रांति की शुरुआत
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज्य के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा कि बिहार सरकार किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पशुपालन और मत्स्य पालन क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार “विकसित बिहार” के लक्ष्य को लेकर काम कर रही है और आने वाले समय में राज्य डेयरी, मत्स्य और पशुपालन के क्षेत्र में और अधिक प्रगति करेगा।
ये भी पढ़ें : न्याय के साथ विकास, पूरी हो रही सबकी आस, विकसित बिहार के संकल्प का ‘नीतीश निश्चय’

कार्यक्रम में राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि बिहार डेयरी और मत्स्य क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य कर रहा है और गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से इन क्षेत्रों में और अधिक सुधार किए जाएंगे। यह परियोजना बिहार सरकार के सात निश्चय -तीन में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान देगी।
इस मौके पर विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयालक्ष्मी ने कहा कि गेट्स फाउंडेशन के सहयोग से आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर राज्य में पशुओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा डेयरी और मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सुधा के उत्पादों का निर्यात अब विदेशों में भी शुरू हो चुका है।

बिहार डेयरी ट्रांसफॉर्मेशन प्रोजेक्ट के माध्यम से चारा सुरक्षा, पशु प्रजनन, दूध की गुणवत्ता और डेयरी उत्पादों के विकास पर ध्यान दिया जाएगा, जबकि बिहार एक्वाकल्चर इम्प्रूवमेंट प्रोग्राम से मत्स्य क्षेत्र का आधुनिकीकरण और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होगा। इन दोनों कार्यक्रमों से सतत आय के नए अवसर सृजित होंगे। इस दौरान विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह सहित गेट्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं विभाग के पदाधिकारी मौजूद थे।
