Jio IPO World Record : देश के सबसे बड़े जियो IPO ने ऐतिहासिक क्लोजिंग के साथ विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। जियो प्लेटफॉर्म्स के ₹30,213 करोड़ के IPO में तीन दिनों के दौरान 1.38 करोड़ से ज्यादा आवेदन आए, जो दुनिया में किसी भी IPO को मिले अब तक के सबसे अधिक आवेदन हैं। शुक्रवार शाम 7 बजे बिडिंग बंद होने तक IPO 22 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हो चुका था। एंकर और गैर-एंकर निवेशकों की कुल बोलियां करीब ₹7.40 लाख करोड़ पहुंच गईं। इनमें गैर-एंकर निवेशकों से करीब ₹4.90 लाख करोड़ और एंकर निवेशकों से करीब ₹2.50 लाख करोड़ की मांग शामिल है।
शेयर्स के लिए जबरदस्त होड़
जियो IPO में रिटेल निवेशकों के बीच भी शेयरों के लिए जबरदस्त होड़ रही। रिटेल कैटेगरी में करीब 8.5 करोड़ शेयर उपलब्ध थे, लेकिन 23 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां आईं। यानी उपलब्ध शेयरों के मुकाबले 2.72 गुना मांग रही। अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर कितने निवेशकों को शेयर मिल पाएंगे? हालांकि सब्सक्रिप्शन का यह अनुपात सीधे अलॉटमेंट की संभावना नहीं बताता। शेयरों का आवंटन वैध आवेदनों, न्यूनतम लॉट और लागू अलॉटमेंट प्रक्रिया के आधार पर होगा।
ये भी पढ़ें : जियो IPO ने रचा इतिहास, पहली बार आवेदन 1 करोड़ के पार, निवेशकों में जबरदस्त उत्साह

जियो IPO का विश्व रिकॉर्ड
बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) की कैटेगरी 70.55 गुना सब्सक्राइब हुई। गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) की कैटेगरी 14 गुना, रिलायंस शेयरहोल्डर कोटा 7.60 गुना और कर्मचारी कोटा 2.93 गुना भर गया। अब निवेशकों की नजर शेयरों के अलॉटमेंट पर है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 26 अक्टूबर को अलॉटमेंट तय होगा, 27 अक्टूबर को शेयर डीमैट खातों में क्रेडिट किए जाएंगे और 28 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स की BSE और NSE पर लिस्टिंग प्रस्तावित है।

आवेदनों की संख्या के मामले में भी जियो IPO ने पिछला रिकॉर्ड बड़े अंतर से तोड़ा है। इससे पहले सबसे ज्यादा आवेदन पाने का रिकॉर्ड Waaree Energies के नाम था। अक्टूबर 2024 में उसके IPO को 97.34 लाख आवेदन मिले थे। जियो को इससे करीब 42 फीसदी ज्यादा आवेदन मिले हैं। जियो IPO में पहले दिन करीब 30.5 लाख आवेदन आए थे, जबकि दूसरे दिन के अंत तक यह संख्या 75 लाख पार कर गई थी। तीसरे दिन आवेदनों की संख्या 1.38 करोड़ से ज्यादा पहुंच गई।

Jio IPO World Record
जियो IPO की क्लोजिंग का दिन एक और वजह से खास रहा। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी का जन्मदिन भी था। इसी दिन दुनिया में सबसे ज्यादा आवेदन पाने वाले IPO की ऐतिहासिक बिडिंग पूरी हुई।




