Modern agriculture : बिहार सरकार का कृषि विभाग किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में कृषि विभाग का कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) पटना ने जिले के किसानों के लिए रांची में राज्य स्तरीय किसान प्रशिक्षण सह परिभ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए पटना जिले के प्रत्येक प्रखंड से दो-दो प्रगतिशील किसानों का चयन किया गया है। इस तरह कुल 46 किसान इस कार्यक्रम से प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।
Modern agriculture : 46 किसान सीख रहें हैं मॉडर्न खेती
यह कार्यक्रम समेकित कृषि प्रणाली विषय पर आधारित है, जो वर्तमान परिप्रेक्ष्य में सतत कृषि विकास, जोखिम प्रबंधन तथा संसाधनों के समुचित उपयोग की एक सशक्त एवं व्यवहारिक पद्धति के रूप में स्थापित हो रही है। इस मौके पर मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित किसानों को झारखंड स्थित मोबाइल एग्रीकल्चरल स्कूल एंड सर्विसेज (MASS), रांची में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण सह परिभ्रमण 08 जनवरी 2026 से 12 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण अवधि के दौरान किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों, यांत्रिकीकरण, मूल्य संवर्धन एवं सफल कृषि मॉडलों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जाएगा, जिससे वे अपने क्षेत्र में इन नवाचारों को प्रभावी रूप से अपनाने में सक्षम हो सकें।
कृषि मंत्री ने कहा है कि प्रशिक्षण के दौरान किसानों को फसल उत्पादन, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, बागवानी, मशरूम उत्पादन, वर्मी कम्पोस्ट, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसी गतिविधियों को एकीकृत रूप में अपनाने की विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही उत्पादन लागत में कमी, उत्पादकता में वृद्धि, जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों, डिजिटल तकनीक के उपयोग तथा कृषि उत्पादों के विपणन एवं बाजार से सीधा जुड़ाव जैसे विषयों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य किसानों को वर्ष भर नियमित आय के अवसर उपलब्ध कराना, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ कृषि को आत्मनिर्भर एवं प्रतिस्पर्धी बनाना है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात प्रतिभागी किसान अपने-अपने क्षेत्रों में अर्जित ज्ञान एवं अनुभवों का प्रसार कर अन्य किसानों को भी लाभान्वित करेंगे। आत्मा, पटना द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण सह परिभ्रमण कार्यक्रम राज्य में कृषि नवाचार, किसान सशक्तिकरण एवं समग्र ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल सिद्ध होगा।

