JP Ganga Path : नीतीश सरकार नवंबर, 2005 से न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर सभी वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। पूरे बिहार को परिवार मानते हुए सबके सम्मान का ख्याल रखा गया है। अब समाज के हर वर्ग को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही राज्य के नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो, उन्हें निर्बाध यातायात की सुविधा मिले, इसके लिए पटना में जेपी गंगापथ का और विस्तार कराया जा रहा है।
जेपी गंगापथ आज पटना की लाइफ लाइन बन चुका है। यह पटना शहर की ट्रैफिक को स्मूथ कर रहा है। इसके बन जाने से शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के बीच यातायात सुगम हो गया है। यातायात के साथ ही सरकार की योजना है कि पर्यटन के लिहाज से भी जेपी गंगापथ का समग्र विकास किया जाए। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि लोगों को घूमने और सुकून के पल बिताने के लिए एक नई जगह मिलेगी। पर्यटकों के आने से यहां पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

सीएम ने कहा – पर्यटकीय सुविधाओं का रखें ख्याल
हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जेपी गंगापथ का भ्रमण कर वहां चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की थी और अधिकारियों को जेपी गंगापथ पर कराए जा रहे लैंड स्केपिंग, पौधारोपण एवं सौंदर्यीकरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया था। पर्यटन के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा था कि यह गंगा नदी के किनारे स्थित है इसलिए लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे विकसित कराएं। यहां पर्यटकीय सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जाए। विकास कार्य के दौरान जेपी गंगापथ पर लोगों के लिए सड़क सुरक्षा और निर्बाध आवागमन का भी पूरा ध्यान रखा जाए। पर्यटन के लिहाज से आनेवाले समय में यह क्षेत्र लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा।
गौरवशाली इतिहास से रू-ब-रू कराएगा ‘वेस्ट टू वंडर थीम पार्क’
जेपी गंगापथ के किनारे बांसघाट के पास वेस्ट टू वंडर थीम पार्क बनाया जा रहा है। इस पार्क में बेकार पड़े लोहे और कबाड़ से बिहार की हस्तियों की कलाकृतियां बनाई जा रही हैं। जेपी गंगापथ और डॉ. राजेंद्र प्रसाद के समाधि स्थल के बीच लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में वेस्ट टू वंडर थीम पार्क बनाया जा रहा है। यह पार्क बिहार के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत करेगा। यहां आर्यभट्ट, चाणक्य, सम्राट अशोक से लेकर लोकनायक जेपी और दशरथ मांझी तक की प्रेरणादायक गाथाएं देखने को मिलेंगी।

डबल डेकर बस से घाटों और ऐतिहासिक स्थलों का परिभ्रमण
पर्यटन विभाग द्वारा जेपी गंगापथ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां आने वाले पर्यटकों को अब डबल डेकर बस से घुमाया जाएगा। दीघा घाट से कंगन घाट तक पर्यटकों को गंगा के किनारे डबल डेकर बस से परिभ्रमण कराया जाएगा। पर्यटकों को बस से जेपी गंगा पथ गोलंबर, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, महेंद्रू घाट, गांधी घाट, लॉ कॉलेज घाट, महात्मा गांधी सेतु, चित्रगुप्त मंदिर एवं कंगन घाट इत्यादि पर्यटन स्थलों का दर्शन कराया जाएगा। इस 40 सीट वाली बस सेवा में आरामदायक 20 सीट उपरी खुले तल पर एवं 20 सीट वातानुकूलित नीचे तल पर पर्यटकों हेतु बनाई गई है। इसमें एक फ्रीज के साथ वॉशरूम की सुविधा भी है। साथ ही बस में एक गाइड भी रहेगा जो पर्यटकों को सभी घाटों के अतिरिक्त पटना के ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों की भी जानकारी देगा। पर्यटक बस से शहर एवं गंगा नदी के नजारों का आनंद उठा सकेंगे।
लोकनायक जेपी का बन रहा समाधि स्थल
पटना के गंगा तट पर जल्द ही एक नया ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परिदृश्य आकार लेने जा रहा है। जेपी गंगापथ से सटे दूजरा में लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी का भव्य समाधि स्थल बनाया जा रहा है जो इसे ऐतिहासिक महत्व देगा। देशरत्न डॉ0 राजेंद्र प्रसाद के समाधि स्थल के समीप जेपी गंगापथ के दक्षिण दूजरा इलाके में लोकनायक जयप्रकाश नारायण का समाधि स्थल विकसित किया जा रहा है। इसके लिए 1.75 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है जिसमें पुराने बांसघाट शवदाह गृह का भी कुछ हिस्सा शामिल है। यह स्थल आनेवाले समय में युवा पीढ़ी को जयप्रकाश नारायण के विचारों से रू-ब-रू कराएगा।

लैंडस्केपिंग और पार्क के विकास से क्षेत्र बनेगा आकर्षक
जेपी गंगापथ के किनारे लैंडस्केपिंग और पार्क के विकास का काम किया जा रहा है जिससे यह क्षेत्र और भी आकर्षक बनेगा। यहां पर भव्य तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। 25 फीट ऊंचे 15 आर्च गेट बनाए जा रहे हैं जिन पर गंगा के अलग-अलग नाम लिखे होंगे। फूड कोर्ट और शॉपिंग के लिए 500 फैब्रिकेटेड दुकानें लगाई जा रही हैं। आर्किटेक्चरल लाइटिंग से यह क्षेत्र जगमगाएगा।
मॉर्निंग वॉक करनेवालों को मिलेगी बड़ी सुविधा
जेपी गंगापथ के समीप 12.38 करोड़ रुपए की लागत से सभ्यता द्वार से कलेक्ट्रेट घाट तक 450 मीटर लंबा और साढ़े चार मीटर चौड़ा जॉगिंग ट्रैक बनाया जा रहा है। इससे मॉर्निंग वॉक करने वालों, पर्यटकों और छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।

जेपी गंगापथ के सौंदर्यीकरण से शहरी ढांचे में आएगा बड़ा बदलाव
कालांतर में जेपी गंगापथ के सौंदर्यीकरण से शहरी ढांचे में भी बड़ा बदलाव आएगा। लोकनायक जयप्रकाश नारायण का समाधि स्थल, वेस्ट टू वंडर थीम पार्क और गंगा पथ समग्र उद्यान ये सभी परियोजनाएं मिलकर गंगा तट को एक नई पहचान देगी। यह इलाका आनेवाले समय में न सिर्फ श्रद्धा का केंद्र बनेगा बल्कि पटना को सांस्कृतिक और पर्यटकीय नक्शे पर भी एक नई पहचान देगा। इसकी प्राकृतिक खूबसूरती से आकर्षित होकर लोग इसके आसपास बसना चाहेंगे।
जेपी गंगापथ के विकास से पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और शहर के निवासियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इस परियोजना के पूरा होने से शहर की सुंदरता और आकर्षण में वृद्धि होगी। इससे यहां पर रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे और आर्थिक तरक्की होगी।
