Bihar Vigilance Raid : बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ लगातार नकेल कसी जा रही है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को ग्रामीण विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर चंद्रशेखर सिंह के पटना में 4 ठिकानों पर एकसाथ छापा मारा इंजीनियर के पटना और कटिहार स्थित आवास से 5 लाख रुपये कैश और गहने बरामद हुए हैं। इसके साथ ही चंद्रशेखर सिंह की पत्नी के नाम पर दार्जिलिंग में करोड़ों रुपये की जमीन का पता चला है।
पटना के साथ-साथ इन ठिकानों पर भी रेड
निगरानी की टीम पटना के साथ-साथ छपरा, कटिहार और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित ठिकानों पर भी रेड मारी है। फिलहाल आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में कार्रवाई की जा रही है। विदित है कि ग्रामीण विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर चंद्रशेखर सिंह छपरा में कार्यरत हैं। यहां के राजेन्द्र सरोवर स्थित कार्यालय में भी जांच की जा रही है।

आय से अधिक संपत्ति का है मामला
राजधानी पटना के रुपसपुर थाना क्षेत्र के लोहिया पथ स्थित सरयुग वामिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 103 में निगरानी की टीम ने छापा मारा। हालांकि, रेड के दौरान चंद्रेशखर सिंह मौके पर मौजूद नहीं थे। गौरतलब है कि चंद्रशेखर सिंह पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।





