Bihar Heavy Rain Alert : बिहार में तूफानी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही बिजली कड़कने, ओले गिरने और 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बिहार में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच पूरे बिहार में बारिश होने की संभावना जतायी है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक दक्षिण-पूर्व और मध्य-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर लो प्रेशर का एरिया बना हुआ है। ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण पूरी तरह सक्रिय है और सिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है लिहाजा अनुमान है कि यह आगे चक्रवाती तूफान का रूप भी ले सकता है। यह मुख्य रूप से उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
आमलोगों को मौसम विभाग की चेतावनी
बिहार में तूफानी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने आम लोगों के साथ-साथ किसानों को भी अलर्ट जारी किया है। खड़ी फसलों के साथ-साथ पशुओं को बारिश और तेज हवाओं से बचाने की सलाह दी गई है। किसानों को फसल सुरक्षित रखने और गरज-चमक के दौरान खुली जगहों पर न जाने की सलाह दी गई है।

बदल रहा मौसम का मिजाज Bihar Heavy Rain Alert
वहीं, भारी बारिश की संभावनाओं के बीच बिहार में ठंड का अहसास होने लगा है। सुबह और शाम मौसम का मिजाज बदल रहा है। अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में तापमान में भी 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, दिन में तेज धूप निकलने की संभावना है।






