योगी आदित्यनाथ ने फिर दिया गर्मी शांत करने वाला बयान, विरोधियों में मची खलबली
लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एकबार फिर बड़ा बयान दिया है और विरोधी खेमे में खलबली मचा दी है। योगी आदित्यनाथ ने एकबार फिर गर्मी शांत करने को लेकर बयान दिया है।
सीएम योगी के बयान के बाद मची खलबली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद जिले की बिलारी विधानसभा सीट पर आयोजित वर्चुअल रैली में कहा कि 5 साल पहले दंगे होते थे, बेटियां सुरक्षित नहीं थी। पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से नहीं मनाए जाते थे लेकिन साल 2017 के बाद से हालात बदले हैं। अराजकता फैलाने वालों से सख्ती से निपटा गया है। ये लोग फिर से गर्मी दिखा रहे हैं। 10 मार्च के बाद फिर से भाजपा सरकार आने दीजिए, इनकी गर्मी को शांत करने का काम सरकार करेगी।
योगी ने दिया विकास का हवाला
इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों को फ्री में आने वाले पांच साल के दौरान बिजली उपलब्ध करवाने की कार्रवाई करने जा रहे हैं। आज पांच वर्ष में बदली तस्वीर नजर आ रही है। जहां कर्फ्यू लगता था, वहां कांवड़ यात्रा निकल रही है। यह बदले उत्तर प्रदेश की तस्वीर है। विकास तभी सार्थक है, जब सुरक्षा हो। सुरक्षा ने व्यापार और निवेश को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज बनाने की प्रक्रिया चल रही है। आज विकास तेजी से आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि हम 5 वर्ष का लेखा-जोखा पेश कर रहे हैं। पांच वर्षों में जो कहा, वह करके दिया है। हमने लोक संकल्प-पत्र जारी किया है, उसको पूरा करेंगे। दो वर्ष कोरोना को काबू पाने में लग गए। हमें काम करने के लिए तीन वर्ष ही मिले। हमने अराजकता को खत्म किया। किसानों के लिए काम किया।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमने अन्नदाता किसानों का कर्ज माफ किया। वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन उपलब्ध करवा रहे हैं। निराश्रित महिलाओं को सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के कार्यों को गिनाया।